RAM MANDIR CEO: अयोध्या में राम मंदिर से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। इसी साल 30 अप्रैल को वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए जितेंद्र मिश्रा का करीब चार दशक लंबा सैन्य करियर रहा है। कारगिल युद्ध से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक उन्होंने कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों और रणनीतिक जिम्मेदारियों में भूमिका निभाई है। उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर अब उनकी सैन्य पृष्ठभूमि और उपलब्धियां चर्चा में हैं।
1986 में वायुसेना में हुए थे शामिल
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले जितेंद्र मिश्रा दिसंबर 1986 में भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन हुए थे। करीब 39 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने फाइटर पायलट, टेस्ट पायलट, प्रशिक्षण और रणनीतिक योजना समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह भारतीय वायुसेना की पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रहे। उनके पास 3,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है और उन्होंने 18 से ज्यादा प्रकार के लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलिकॉप्टर उड़ाए हैं।
RAM MANDIR CEO: कारगिल युद्ध में निभाई अहम भूमिका
जितेंद्र मिश्रा के सैन्य करियर की प्रमुख उपलब्धियों में कारगिल युद्ध भी शामिल है। युद्ध के दौरान टाइगर हिल पर कब्जे के अभियान में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लंबे सैन्य अनुभव के कारण उन्हें रणनीतिक और परिचालन स्तर की जिम्मेदारियों का व्यापक अनुभव हासिल हुआ। इसके अलावा वर्ष 2025 में उन्होंने पश्चिमी वायु कमान के वायु अधिकारी कमांडिंग-इन-चीफ के तौर पर जिम्मेदारी संभाली और इसी दौरान ऑपरेशन सिंदूर में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ऑपरेशन सिंदूर के लिए मिला सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक
ऑपरेशन सिंदूर में योगदान के लिए जितेंद्र मिश्रा को वर्ष 2025 के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया था। इससे पहले उन्हें वर्ष 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2013 में विशिष्ट सेवा पदक भी मिल चुका है।
RAM MANDIR CEO: NDA से लेकर अमेरिका-ब्रिटेन तक प्रशिक्षण
जितेंद्र मिश्रा ने खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी से प्रशिक्षण लिया। इसके बाद उन्होंने एयर फोर्स एकेडमी, डुंडीगल और एयर फोर्स टेस्ट पायलट स्कूल, बेंगलुरु में प्रशिक्षण हासिल किया। उन्होंने अमेरिका के एयर कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, मोंटगोमरी और ब्रिटेन के रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज में भी शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया। अब राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के रूप में उनकी प्रशासनिक और रणनीतिक विशेषज्ञता का इस्तेमाल मंदिर से जुड़े प्रबंधन और आगामी जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करने में किया जाएगा।
ये भी पढ़ें…Philips S7221 5G फोन भारत में लॉन्च, 5700mAh बैटरी और 64MP कैमरा






