Home » मध्य प्रदेश » Rewa Bus Accident: रीवा में बस-बल्कर की टक्कर, 3 की मौत; 8 यात्री गंभीर

Rewa Bus Accident: रीवा में बस-बल्कर की टक्कर, 3 की मौत; 8 यात्री गंभीर

Rewa Bus Accident:

Rewa Bus Accident: रीवा में बुधवार शाम बस और बल्कर की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में आठ यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि कई अन्य यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हादसा गुढ़ नेशनल हाईवे नंबर 39 पर बदवार स्टैंड के पास शाम करीब 5 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, पवन ट्रैवल्स की बस रीवा से सीधी जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार बल्कर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बल्कर पलट गया, जबकि बस सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी।

Rewa Bus Accident: बस में करीब 40 यात्री थे सवार-

हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

Rewa Bus Accident: बारिश के कारण सड़क पर थी फिसलन-

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बारिश हो रही थी और सड़क पर काफी फिसलन थी। बताया जा रहा है कि बल्कर तेज रफ्तार में था और चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया। इसके बाद बल्कर बस से टकरा गया।

बस रोज तय करती थी 240 किलोमीटर का सफर-

जिस बस को बल्कर ने टक्कर मारी, वह रोज करीब 240 किलोमीटर का सफर तय करती थी। यह बस रीवा से होते हुए चुरहट, बघोर, सीधी, पटपरा और अमिलिया तक जाती थी।

भारी सामान ढोने के लिए इस्तेमाल होता है बल्कर-

बल्कर एक बड़े ट्रक या टैंकर जैसा वाहन होता है, जिसका इस्तेमाल सीमेंट, फ्लाई ऐश और अन्य भारी या पाउडरनुमा सामान के परिवहन के लिए किया जाता है। इसमें विशेष कंप्रेसर लगा होता है, जिसकी मदद से हवा के दबाव से सामग्री को लोड और अनलोड किया जाता है।

धार में भी दर्दनाक सड़क हादसा-

धार में भी तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 32 वर्षीय अंतर सिंह, उनका 4 वर्षीय बेटा अशोक और काका ससुर भूरा सिंह शामिल हैं

यह भी पढ़े- जानिए कौन हैं राम मंदिर ट्रस्ट के CEO “जितेंद्र मिश्रा”, जिन्हें कहा जाता है कारगिल का हीरो