ICC WOMENS TROPHY: आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी अब भारत करेगा। महिला क्रिकेट में पहली बार आयोजित होने जा रही यह चैंपियंस ट्रॉफी 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच खेली जाएगी। टूर्नामेंट की मेजबानी पहले श्रीलंका को सौंपी गई थी, लेकिन वहां क्रिकेट प्रशासन में सरकारी दखल और सुधारों की प्रक्रिया के चलते आईसीसी ने आयोजन को भारत में कराने का फैसला किया है। आईसीसी बोर्ड ने बुधवार को भारत को मेजबानी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
दो शहरों में खेले जाएंगे मुकाबले
आईसीसी के मुताबिक, छह टीमों के इस टूर्नामेंट के मुकाबले मुंबई और वडोदरा में खेले जाएंगे। इसके लिए क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया, मुंबई और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, वडोदरा को वेन्यू बनाया गया है। हालांकि, नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम इस प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं होगा। इसी मैदान पर भारतीय महिला टीम ने 2025 महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। आईसीसी ने बताया कि मेजबानी तय करने से पहले भारत के अलावा बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के प्रस्तावों का भी मूल्यांकन किया गया था।
ICC WOMENS TROPHY: सरकारी दखल बना श्रीलंका की मुश्किल
श्रीलंका से मेजबानी हटाने की मुख्य वजह वहां क्रिकेट प्रशासन में सरकारी हस्तक्षेप है। श्रीलंका क्रिकेट फिलहाल एक अंतरिम ‘ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी’ की निगरानी में काम कर रहा है। इस समिति का गठन श्रीलंकाई सरकार ने प्रशासनिक और संवैधानिक सुधारों के लिए किया है। आईसीसी क्रिकेट बोर्ड के कामकाज में राजनीतिक हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करता। इसी कारण श्रीलंका क्रिकेट के प्रतिनिधियों को आईसीसी बोर्ड की बैठकों में शामिल होने से भी रोका गया है।
छह टीमें लेंगी हिस्सा, टॉप-2 खेलेंगी फाइनल
विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों का चयन 6 जुलाई की कटऑफ तारीख पर आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में उनकी स्थिति के आधार पर हुआ है। सभी टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें 28 फरवरी को फाइनल में भिड़ेंगी। टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम आईसीसी बाद में जारी करेगा।
ये भी पढ़ें…सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: BCI अब AG और SG की सलाह के बिना नहीं ले सकेगा नीतिगत फैसले








