UP News: राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदा हेराफेरी के विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। ट्रस्ट ने पहली बार चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) का पद बनाया है और रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को तीन साल के कार्यकाल के लिए इस पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को ट्रस्टी बनाया गया है।
बैठक में लिए गए अहम फैसले
दरअसल, बीते दिन बुधवार को हुई ट्रस्ट की दो बैठकों में कई अहम फैसले लिए गए। इन फैसलों के तहत मौजूदा कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी को पूर्णकालिक महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दिल्ली के कारोबारी महेश भागचंदका को नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ट्रस्ट में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब मंदिर से जुड़े चंदे में कथित हेराफेरी के आरोपों ने विवाद खड़ा कर दिया है। इसी बीच पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे भी सामने आए थे। विवाद के बाद ट्रस्ट ने मंदिर प्रशासन को अधिक व्यवस्थित और पेशेवर बनाने की दिशा में कदम उठाने का फैसला किया। नई व्यवस्था के तहत सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स, भीड़ प्रबंधन, वित्तीय मामलों और रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज के लिए प्रोफेशनल मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया जा रहा है।
UP News: कौन हैं नए CEO जितेंद्र मिश्रा?
रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला CEO बनाया गया है। वह पूर्व फाइटर कॉम्बैट लीडर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट रह चुके हैं। इसी वर्ष 30 अप्रैल को वह वेस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। जितेंद्र मिश्रा को पिछले वर्ष हुए ऑपरेशन सिंदूर की योजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल बताया गया था। पाकिस्तान के साथ चले सैन्य संघर्ष के दौरान उनकी सेवाओं के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया था।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भोपतपुरा गांव से ताल्लुक रखने वाले जितेंद्र मिश्रा अब ट्रस्ट के रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज की निगरानी करेंगे। उनकी भूमिका में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स, श्रद्धालुओं की भीड़ का प्रबंधन और ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल होने की उम्मीद है। उनकी नियुक्ति को ट्रस्ट के पारंपरिक ट्रस्टी-आधारित संचालन से अधिक प्रोफेशनल और संस्थागत मैनेजमेंट की ओर बढ़ते कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
महेश भागचंदका बने नए कोषाध्यक्ष
M2K ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन महेश भागचंदका को ट्रस्ट का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने गोविंद देव गिरी की जगह ली है, जो ट्रस्ट के गठन के समय से इस पद पर रहे थे। दिल्ली के कारोबारी महेश भागचंदका अशोक सिंघल फाउंडेशन से भी जुड़े हैं। उनका विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल के साथ करीबी संबंध रहा है। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने भागचंदका की नियुक्ति का स्वागत किया और उन्हें राम जन्मभूमि आंदोलन का ‘अग्रणी सिपाही’ बताया।
अब ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय मामलों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी महेश भागचंदका के पास होगी। मंदिर निर्माण और प्रबंधन के साथ-साथ ट्रस्ट को मिलने वाले बड़े पैमाने के दान के वित्तीय प्रबंधन में कोषाध्यक्ष की भूमिका अहम मानी जाती है।
UP News: मदन मोहन पांडे भी बने ट्रस्टी
ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता (Additional Advocate General) मदन मोहन पांडे को भी नया ट्रस्टी नियुक्त किया है। 74 वर्षीय वरिष्ठ वकील मदन मोहन पांडे अयोध्या के रहने वाले हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मालिकाना हक विवाद में रामलला विराजमान और दिवंगत महंत रामचंद्र परमहंस दास की ओर से कानूनी पक्ष रखा था। 1990 के दशक में अपने कानूनी करियर की शुरुआत करने वाले पांडे राम जन्मभूमि विवाद से लंबे समय तक जुड़े रहे और वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले तक इस कानूनी लड़ाई का हिस्सा रहे।
निर्मला यादव बनीं ट्रस्ट की पहली महिला ट्रस्टी
ट्रस्ट में निर्मला यादव को भी नए सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। वह उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद स्थित पीजी कॉलेज की पूर्व प्रिंसिपल रह चुकी हैं और लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी रही है। निर्मला यादव फिलहाल राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की उपाध्यक्ष हैं। उनकी नियुक्ति के साथ ही वह श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली महिला ट्रस्टी बन गई हैं।
ये भी पढ़े… मूंछों पर ताव देकर बोले मैनपुरी DSP अशोक सिंह, अखिलेश यादव को भेज देना वीडियो, जानें क्या है मामला








