Kerala Accident News: केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आठ छात्रों की मौत हो गई। हादसा कैपमंगलम के पास पनम्बिकुन्नु में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, छात्रों को लेकर जा रही कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी आठ लोगों की जान चली गई
रात करीब 11:40 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कैपमंगलम के पास पनम्बिकुन्नु में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा भिड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
Kerala Accident News: कार में फंसे थे शव
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ अग्निशमन एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद राहत और बचाव दल ने कार से शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

तमिलनाडु में पंजीकृत थी कार
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार तमिलनाडु में पंजीकृत थी। शुरुआती जानकारी में मृतकों के तमिलनाडु के रहने वाले होने की बात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग छात्र बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान और अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
Kerala Accident News: हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना किस वजह से हुई, कार की रफ्तार कितनी थी और सड़क किनारे लॉरी किस स्थिति में खड़ी थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग और रात के समय सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
ये भी पढे… एक्सप्लेनर: यूजीसी पर क्यों मचा है बवाल? विस्तार से समझिए- इसके नियम, अधिकार और विरोध की पूरी कहानी








