Home » स्पोर्ट्स » श्रीलंका के बाद मानव सुथार का इंग्लैंड में धमाल, 7 विकेट लेकर टीम को दिलाई बड़ी जीत

श्रीलंका के बाद मानव सुथार का इंग्लैंड में धमाल, 7 विकेट लेकर टीम को दिलाई बड़ी जीत

Manav Suthar:

Manav Suthar: भारत के युवा स्पिन गेंदबाज मानव सुथार इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दमदार प्रदर्शन करने के बाद अब उन्होंने इंग्लैंड में भी अपनी फिरकी का जलवा दिखाया है। काउंटी चैंपियनशिप में वॉरिकशायर की ओर से खेलते हुए सुथार ने हैम्पशायर के खिलाफ मुकाबले में कुल 7 विकेट चटकाए और अपनी टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।

Manav Suthar: हैम्पशायर के खिलाफ सुथार ने मचाया धमाल-

मानव सुथार ने हैम्पशायर के खिलाफ मुकाबले की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 16 ओवर गेंदबाजी करते हुए 42 रन खर्च किए और 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस दौरान उनकी इकोनॉमी रेट 2.62 रही। इसके बाद दूसरी पारी में भी सुथार का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने 23.3 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 52 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। इस तरह उन्होंने पूरे मुकाबले में कुल 7 विकेट हासिल किए और वॉरिकशायर की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।

Manav Suthar: वॉरिकशायर ने पारी और 129 रन से जीता मुकाबला-

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वॉरिकशायर ने 116 ओवर में 398 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रॉब येट्स ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 208 गेंदों का सामना करते हुए 109 रन बनाए। वहीं सैम हेन ने 153 गेंदों में 90 रनों की शानदार पारी खेली। 398 रन के जवाब में हैम्पशायर की पहली पारी महज 115 रन पर सिमट गई। टीम ने 38.1 ओवर में अपने सभी विकेट गंवा दिए। वॉरिकशायर के गेंदबाजों के सामने हैम्पशायर के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।

फॉलोऑन के बाद भी नहीं संभल पाई हैम्पशायर-

पहली पारी में 115 रन पर ऑलआउट होने के बाद हैम्पशायर को फॉलोऑन खेलना पड़ा। हालांकि, दूसरी पारी में भी टीम की स्थिति नहीं सुधरी और पूरी टीम 154 रन पर ऑलआउट हो गई। हैम्पशायर की ओर से जेक लेहमैन ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। उन्होंने 71 गेंदों का सामना किया। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नतीजतन वॉरिकशायर ने मुकाबला एक पारी और 129 रन से अपने नाम कर लिया।

श्रीलंका के खिलाफ भी दिखाया था दम-

मानव सुथार का शानदार प्रदर्शन सिर्फ इंग्लैंड तक सीमित नहीं है। हाल ही में उन्होंने भारत की ओर से श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में भी शानदार गेंदबाजी की थी। पहले टेस्ट मैच में सुथार ने कुल 10 विकेट हासिल किए थे। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए। वहीं दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में उन्होंने 3-3 विकेट अपने नाम किए। इस तरह श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 2 टेस्ट मैचों में सुथार ने कुल 16 विकेट हासिल किए। भारत के लिए अब तक 3 टेस्ट मैचों में वह 23 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

भविष्य के बड़े खिलाड़ी के तौर पर देखे जा रहे सुथार-

लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे मानव सुथार ने घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और काउंटी क्रिकेट में भी अपनी काबिलियत दिखाई है। उनकी सटीक गेंदबाजी और मुश्किल परिस्थितियों में विकेट निकालने की क्षमता उन्हें भारतीय क्रिकेट के लिए एक अहम युवा विकल्प बनाती है। आने वाले समय में उन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं

यह भी पढ़े- ‘वे सनातनी नहीं हो सकते’, सहारनपुर मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन से भड़के अखिलेश