Saharanpur: भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी भी इमारत को उसकी धार्मिक पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि उसके कानूनी दर्जे के आधार पर देखा जाना चाहिए। सहारनपुर में संबंधित एजेंसियां और सरकारी विभाग कानून के अनुसार कार्रवाई कर रहे हैं, इसलिए इसे राजनीतिक या धार्मिक नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और कांग्रेस शासित राज्यों में महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए।
सहारनपुर मस्जिद कार्रवाई पर क्या बोले त्रिवेदी?
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि किसी भी निर्माण को लेकर सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि वह कानूनी है या गैरकानूनी। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में भी सरकारी एजेंसियां कानून के अनुसार अपना काम कर रही हैं। इसलिए मस्जिद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को केवल धार्मिक या राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं होगा।
Saharanpur: JPSC मामले को बताया ‘पेपर लूट’
झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जांच में सामने आए तथ्य बेहद गंभीर हैं। उनके अनुसार असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर की परीक्षा के दौरान स्ट्रॉन्ग रूम तोड़कर प्रश्नपत्र निकाले गए और उनमें बदलाव किया गया। उन्होंने इसे महज पेपर लीक नहीं, बल्कि ‘पेपर लूट’ करार दिया और राहुल गांधी से सवाल किया कि ऐसी कथित अनियमितताओं को संरक्षण कौन दे रहा है।
कांग्रेस की चुप्पी पर राहुल गांधी को घेरा
त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में परीक्षाओं के मुद्दे पर आवाज उठाने वाले राजनीतिक दल झारखंड के मामले पर चुप हैं। उन्होंने कांग्रेस की चुप्पी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी की तुलना ‘गांधी के तीन बंदरों’ से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस चुप्पी को झारखंड के अभ्यर्थी भी महसूस कर रहे हैं।
Saharanpur: महिला प्रतिनिधित्व पर कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस शासित राज्यों में महिला मंत्रियों की संख्या को लेकर भी त्रिवेदी ने सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कोई महिला मंत्री नहीं है, जबकि केरल में दो और तेलंगाना में एक महिला मंत्री हैं। उन्होंने राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की बात करती है, लेकिन उसके शासन वाले राज्यों में तस्वीर अलग दिखाई देती है। त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में आजादी के बाद सबसे अधिक महिला मंत्री हैं और भाजपा महिलाओं के प्रतिनिधित्व को लेकर जो कहती है, उसे पूरा करती है।
ये भी पढ़ें…निशु आजाद केस: स्वतंत्र भारद्वाज एक दिन की पुलिस रिमांड पर








