YOGI: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले बाढ़ राहत के लिए भेजे जाने वाले धन का सही इस्तेमाल नहीं होता था और गरीबों तक राहत नहीं पहुंचती थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार बिना भेदभाव के जरूरतमंदों तक राहत और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
2017 से पहले सिर्फ सूखी रोटी मिलती थी: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन, गर्म भोजन, दूध और डिग्निटी किट समेत कई तरह की राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उनके मुताबिक, 2017 से पहले ऐसी व्यवस्थाएं देखने को नहीं मिलती थीं और प्रभावित लोगों को केवल सूखी रोटी पर निर्भर रहना पड़ता था।
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की ओर से आपदा राहत के लिए भेजा गया पैसा पिछली सरकार के दौरान कथित तौर पर हड़प लिया जाता था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार गरीबों के अधिकार सुनिश्चित करने और राहत व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए काम कर रही है।
YOGI: फसल नुकसान का होगा सर्वे, किसानों को मुआवजा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में केवल बाढ़ के पानी से होने वाले नुकसान को ही नहीं, बल्कि जहरीले जीव-जंतुओं, मकानों के गिरने और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि डूबने, आकाशीय बिजली गिरने या खेत में काम करते समय मौत होने पर प्रभावित परिवार को 24 घंटे के भीतर 4 लाख रुपये की सहायता देने की व्यवस्था है।
घर नष्ट होने पर तुरंत आवास की सुविधा
सीएम योगी ने कहा कि बाढ़ या आग से गरीब परिवार का घर नष्ट होने पर उसे प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत तत्काल आवास उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार का काम गरीबों के अधिकारों की रक्षा करना और लूट पर रोक लगाना है।
YOGI: 48 नौकाओं के साथ टीमें तैनात, मेडिकल कैंप भी लगाए गए
मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ प्रभावित और विस्थापित लोगों के लिए राहत शिविर बनाए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में 48 नौकाओं के साथ एनडीआरएफ, पीएसी और जल पुलिस की टीमें 24 घंटे तैनात हैं। इसके अलावा बीमार पड़ने वाले लोगों के इलाज के लिए मेडिकल कैंप भी लगाए जा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर वह वाराणसी की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं और प्रशासन को प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें…IND vs PAK: पाकिस्तान 55 रन पर ऑलआउट, भारत को जीत के लिए 56 रन का लक्ष्य








