Sudan Mine Collapse: अफ्रीकी देश सूडान से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वेस्ट कोर्डोफान प्रांत में सोने की एक खदान ढहने से कम से कम 67 खनिकों की मौत हो गई। हादसे के बाद कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। उन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।
Sudan Mine Collapse: नूहूद के पास अल-जारा खदान में हुआ हादसा-
यह हादसा वेस्ट कोर्डोफान प्रांत के नूहूद शहर के पास स्थित अल-जारा सोने की खदान में हुआ। स्थानीय चिकित्सकों के एक समूह और हादसे में बचे खनिकों के अनुसार, खदान मंगलवार देर रात ढह गई। हादसे के समय खदान के अंदर छोटे स्तर पर काम करने वाले कई मजदूर मौजूद थे। अचानक ऊपरी मिट्टी और चट्टानें धंसने से उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
Sudan Mine Collapse: अब तक 67 शव निकाले गए-
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। चिकित्साकर्मियों के मुताबिक अब तक 67 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। भारी मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका के चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
RSF के नियंत्रण वाले इलाके में है खदान-
अल-जारा सोने की खदान जिस क्षेत्र में स्थित है, वह अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के नियंत्रण में आता है। सूडान में RSF और देश की नियमित सेना के बीच तीन साल से अधिक समय से संघर्ष चल रहा है। इस अस्थिरता के बीच देश के कई दूरदराज इलाकों में छोटे स्तर पर खनन का काम जारी है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल-
स्थानीय स्तर पर चल रहे पारंपरिक और छोटे पैमाने के खनन में सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इसी बीच अल-जारा खदान में हुए हादसे ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं और जीवित बचे खनिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़े- ₹70 हजार सैलरी वाली सरकारी नौकरी से हटाई गईं MLA की भतीजी, PG पढ़ाई का आरोप









