Ambedkar University: डॉ. बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली के प्रस्तावित धीरपुर कैंपस में विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल समेत कई सुविधाओं का विकास किया जाएगा। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर अनु सिंह लाठर ने PWD टीम के साथ कैंपस का दौरा कर निर्माण कार्यों और प्रस्तावित सुविधाओं की समीक्षा की।
Ambedkar University: धीरपुर कैंपस में बनेंगे हॉस्टल और पार्किंग-
कुलपति प्रोफेसर अनु सिंह लाठर ने कुलसचिव कर्नल ओंकार सिंह (रिटायर्ड) की मौजूदगी में लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम के साथ प्रस्तावित धीरपुर कैंपस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंपस के मैप और लेआउट का अवलोकन किया और भूमि तथा विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। दौरे के दौरान प्रस्तावित बहु-स्तरीय पार्किंग और हॉस्टल से संबंधित विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। कुलपति ने परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की।
Ambedkar University: अधिकारियों को निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश-
प्रोफेसर अनु सिंह लाठर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में जरूरी गति बनाए रखने और परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने PWD टीम को हर 15 दिन में निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट विश्वविद्यालय के साथ साझा करने को कहा।विश्वविद्यालय की ओर से परियोजना की नियमित निगरानी और संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य समय पर आगे बढ़ सके।
विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाओं पर जोर-
धीरपुर कैंपस विश्वविद्यालय के विस्तार के साथ विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं के विकास की महत्वपूर्ण परियोजना है। हॉस्टल निर्माण को लेकर उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की ओर से की गई पहल के त्वरित क्रियान्वयन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। दिल्ली के उपराज्यपाल की ओर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति में अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली की कुलपति को भी अहम भूमिका दी गई है।
वेटलैंड के पुनर्स्थापन पर भी चल रहा काम-
धीरपुर क्षेत्र में विश्वविद्यालय के Centre for Urban Ecology and Sustainability (CUES) से जुड़ी परियोजना के तहत वेटलैंड के पारिस्थितिक पुनर्स्थापन पर भी काम किया जा रहा है। प्रस्तावित वेटलैंड पार्क से आसपास के समुदायों के साथ आगामी अंबेडकर यूनिवर्सिटी कैंपस को भी लाभ मिलने की परिकल्पना की गई है।
हॉस्टल सुविधा देने वाले संस्थानों में धीरपुर कैंपस शामिल-
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से विद्यार्थियों को हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराने वाले संस्थानों की सूची में प्रस्तावित धीरपुर कैंपस का नाम भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। विश्वविद्यालय का जोर कैंपस के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय के जरिए परियोजना को आगे बढ़ाने पर है।
यह भी पढ़े- कौन हैं एन. चंद्रशेखरन? टाटा ग्रुप की कमान फिर 5 साल के लिए क्यों मिली









