Yogi ‘Bharat Taxi’: उत्तर प्रदेश में ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के बीच अब सहकारी मॉडल पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में इस सेवा का शुभारंभ किया। फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भारत टैक्सी की शुरुआत की गई है। इसमें ऑटो रिक्शा, कार और बाइक बुक करने की सुविधा मिलेगी।
भारत टैक्सी को खास बनाने वाला पहलू इसका जीरो कमीशन मॉडल है। निजी कैब कंपनियों की तरह ड्राइवरों से कमीशन नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा ड्राइवरों को पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा देने की बात कही गई है। ऐसे में इस मॉडल का फोकस सिर्फ यात्रियों को परिवहन सुविधा देने के साथ-साथ ड्राइवरों की आय और सामाजिक सुरक्षा से भी जुड़ा है।
ड्राइवरों के लिए जीरो कमीशन और सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों के बारे में पहले पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था। अब वे रजिस्ट्रेशन के जरिए भारत टैक्सी का हिस्सा बन सकेंगे और जीरो कमीशन मॉडल के तहत काम करेंगे। सरकार के मुताबिक, ड्राइवरों को पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी मिलेगा। भारत टैक्सी के जरिए यात्रियों के लिए ऑटो, बाइक और कार बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने इसे ऐसा मॉडल बताया, जो भारत की गति को प्रगति में बदलने का काम करेगा।
Yogi ‘Bharat Taxi’: चार शहरों से शुरुआत, कई संस्थाओं से करार
उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी का संचालन शुरुआती तौर पर लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज से किया गया है। लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत विभिन्न संस्थाओं के साथ इसके संचालन को लेकर एमओयू भी किए गए हैं। इस मॉडल के विस्तार की स्थिति में निजी ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के सामने एक सहकारी विकल्प खड़ा होने की संभावना है। हालांकि, इसका वास्तविक असर सेवा के विस्तार, ड्राइवरों की भागीदारी और यात्रियों के अनुभव के आधार पर सामने आएगा।

महाकुंभ का उदाहरण देकर बोले योगी
योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दौरान रैपिडो के जरिए युवाओं की भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं ने श्रद्धालुओं को संगम, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचाने में मदद की थी। मुख्यमंत्री ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से ग्रामीण बस सेवा को भी भारत टैक्सी की तर्ज पर आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के मॉडल को विस्तार मिलने पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
Yogi ‘Bharat Taxi’: भारत टैक्सी के साथ किसानों के लिए भी योजना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की भी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत की गई है। खेती और कृषि मशीनरी के लिए दीर्घकालिक ऋण की व्यवस्था की गई है और आने वाले वर्षों में पांच लाख लघु एवं सीमांत किसानों को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। योगी ने 2017 के बाद 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए जाने का भी दावा किया। उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं, मुफ्त बिजली और गन्ना मूल्य भुगतान से जुड़े सरकार के आंकड़े भी कार्यक्रम में रखे।
सहकारिता पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी काम किया जा रहा है। उनके मुताबिक, 2017 से पहले निष्क्रिय हुए 16 सहकारी बैंकों में से 15 अब मुनाफे में आ चुके हैं। सहकारिता क्षेत्र से 54 लाख नए सदस्य जुड़ने की बात भी उन्होंने कही। कार्यक्रम के अंत में योगी आदित्यनाथ ने कृषक समृद्धि पोर्टल और मोबाइल ऐप समेत सहकारिता से जुड़ी डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की। उन्होंने पांच सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र और पांच लाभार्थियों को कृषक समृद्धि योजना के ऋण स्वीकृति पत्र भी सौंपे।
ये भी पढ़े… मायावती की बैठक में ईशान आनंद की मौजूदगी से बढ़ी चर्चा, क्या बसपा में शुरू हो रहा नई पीढ़ी का दौर?









