Home » अंतरराष्ट्रीय » साउथ अफ्रीका के नाइट बार में ताबड़तोड़ फायरिंग, 17 की मौत

साउथ अफ्रीका के नाइट बार में ताबड़तोड़ फायरिंग, 17 की मौत

South Africa:

South Africa: साउथ अफ्रीका में एक बार फिर गोलीबारी की बड़ी वारदात सामने आई है। जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में गौतेंग स्टेट की वेडेला टाउनशिप में एक नाइट बार में हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 13 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

South Africa: AK-47 और पिस्तौल से लैस थे हमलावर-

जानकारी के मुताबिक, वारदात बीती रात करीब 9:30 बजे हुई। AK-47 राइफल और पिस्तौल से लैस हमलावरों ने नाइट बार में मौजूद लोगों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा (SAPS) और इमरजेंसी मेडिकल सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

South Africa: फायरिंग के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं-

प्रारंभिक पूछताछ में घायलों ने करीब 8 हमलावरों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अभी तक गोलीबारी के पीछे की वजह सामने नहीं आई है और किसी हमलावर की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के अनुसार, नाइट बार में लोग एन्जॉय कर रहे थे, तभी अचानक कुछ लोग वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। दहशत के बीच लोग बाहर भागने लगे। हमलावरों ने कुछ लोगों के मोबाइल फोन छीने और दो गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान की कोशिश-

पुलिस अब नाइट बार और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जून में जोहान्सबर्ग में 12 लोगों की हुई थी हत्या-

साउथ अफ्रीका में हाल के महीनों में गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आई हैं। पिछले सप्ताह डरबन शहर में एक घर पर बंदूकधारियों ने हमला किया था, जिसमें गर्भवती महिला समेत 11 लोगों की मौत हुई थी। जून 2026 में जोहान्सबर्ग की एक बस्ती में हुई गोलीबारी में भी 12 लोगों की जान चली गई थी। पुलिस के अनुसार, जनवरी से मार्च 2026 के बीच दक्षिण अफ्रीका में हर दिन औसतन 58 लोगों की हत्या हुई। ताजा गोलीबारी की घटना ने एक बार फिर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस इन मामलों की जांच के लिए जासूसों और मुखबिरों की मदद ले रही है।

यह भी पढ़े- CJP की मीटिंग से पहले आशुतोष रांका समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में, असम सरकार पर भड़के दीपके