Birsa Munda Jayanti: मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मना रही है। इस दौरान प्रदेशभर में जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर, धार और खंडवा में राज्यस्तरीय कार्यक्रमों की घोषणा की है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जिलों में रैलियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी है। ऐसे में सवाल है कि भगवान बिरसा मुंडा कौन थे और उनकी जयंती को इतना महत्व क्यों दिया जाता है?
कौन थे भगवान बिरसा मुंडा?
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। वह मुंडा जनजाति से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन के दौरान आदिवासी समाज के शोषण, जमीन पर कब्जे और सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। बिरसा मुंडा ने जनजातीय समुदाय को संगठित किया और उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनके योगदान के कारण उन्हें आज भी जनजातीय समाज में विशेष सम्मान प्राप्त है।
Birsa Munda Jayanti: अंग्रेजों के खिलाफ चलाया था उलगुलान आंदोलन
बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन और जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। उलगुलान का अर्थ महान विद्रोह होता है। इस आंदोलन के जरिए उन्होंने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में जनजातीय लोग ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुट हुए। अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनकी मृत्यु हो गई। उस समय उनकी उम्र महज 25 वर्ष थी।
15 नवंबर को क्यों मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस?
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया था। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों के योगदान, उनके संघर्ष और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इस दिन देशभर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों को याद किया जाता है।
Birsa Munda Jayanti: MP में BJP ने क्यों बनाया जनजातीय गौरव सप्ताह का प्लान?
मध्य प्रदेश भाजपा ने 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाने का कार्यक्रम तैयार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अनुसार, इसका उद्देश्य जनजातीय नायकों के योगदान और आदिवासी समाज की विरासत को लोगों तक पहुंचाना है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में सांस्कृतिक रैलियां, दीप प्रज्ज्वलन और जनजातीय गौरव से जुड़े कार्यक्रम होंगे। स्कूलों और छात्रावासों में भी जनजातीय नायकों के जीवन पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जबलपुर, धार और खंडवा में होंगे बड़े आयोजन
जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धार के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर संबोधित करेंगे। इसके अलावा 18 से 20 नवंबर तक चयनित गांवों में जनजातीय गौरव चौपाल लगाई जाएंगी। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा ने जिलों में जनजातीय नायकों के नाम पर सार्वजनिक भवनों, सड़कों, चौराहों और पार्कों के नामकरण की योजना भी बताई है।
ये भी पढ़ें…जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे से एनवीडिया पर क्या असर होगा? पूरा विश्लेषण








