Home » jammu & kashmir » पुंछ में लैंडमाइन धमाके में 4 आतंकियों की मौत, लश्कर का टॉप कमांडर भी ढेर

पुंछ में लैंडमाइन धमाके में 4 आतंकियों की मौत, लश्कर का टॉप कमांडर भी ढेर

Poonch Terrorists Killed:

Poonch Terrorists Killed: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास लैंडमाइन धमाके में चार पाकिस्तानी आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालांकि, धमाके की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

Poonch Terrorists Killed: पुंछ के KG सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश के दौरान धमाका-

जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LoC के KG सेक्टर के पास यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि भारत में घुसपैठ की कोशिश के दौरान चार आतंकवादी लैंडमाइन धमाके की चपेट में आ गए। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर मोहम्मद फैजान भी शामिल बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए लोगों की पहचान मोहम्मद इश्तियाक, मोहम्मद फैजान, मोहम्मद वकास और मोहम्मद आसिम के रूप में हुई है। ये सभी पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) के हाजीरा क्षेत्र के मंडला और मदारपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

Poonch Terrorists Killed: धमाके के बाद इलाके में अलर्ट पर सुरक्षा बल-

पुंछ जिले के एक सीमावर्ती गांव में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई देने के बाद सुरक्षा बल सतर्क हो गए। शुरुआती जानकारी में धमाके के आईईडी विस्फोट होने की आशंका जताई गई है। यह घटना जीरो लाइन के पास स्थित सतवाल-नाकी इलाके के आसपास होने की खबर है। बताया जा रहा है कि धमाके से पहले नियंत्रण रेखा के पास कुछ लोगों की गतिविधियां देखी गई थीं। इसके बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई और निगरानी तेज कर दी गई।

धमाका किसने किया, अभी स्पष्ट नहीं-

इस घटना को लेकर अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका घुसपैठ की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकवादियों की वजह से हुआ या इसमें पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कोई भूमिका थी। धमाके के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना के बाद सीमा से सटे इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बल किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। त्योहारी सीजन से पहले संभावित घुसपैठ की आशंका को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।

मेंढर सेक्टर में भी मिली थीं दो लैंडमाइन-

गौरतलब है कि सोमवार को ही पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सेना ने दो लैंडमाइन बरामद की थीं। इन लैंडमाइंस को बाद में निष्क्रिय कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि बीते एक सप्ताह के दौरान इस इलाके से करीब एक दर्जन लैंडमाइन बरामद की गई हैं। लगातार लैंडमाइन मिलने और ताजा धमाके की घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील है यह इलाका-

नियंत्रण रेखा के पास स्थित यह क्षेत्र घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। यहां पहले भी आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशों की खबरें सामने आती रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी तरह की एक घटना में पाकिस्तान की BAT टीम के छह सदस्य मारे गए थे। सर्दियों के मौसम में घुसपैठ की कोशिशों को लेकर सुरक्षा बल विशेष सतर्कता बरतते हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में सीमा पर निगरानी और घुसपैठ रोकने के प्रयास सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम रहने वाले हैं।

यह भी पढ़े- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बंद होने से छोटे कारोबारियों की बढ़ी मुश्किलें, जानिए क्या है वजह