Railway Employees Bonus: केंद्र सरकार ने भारतीय रेलवे के लाखों कर्मचारियों को त्योहारों से पहले बड़ी खुशखबरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रेल कर्मचारियों के लिए प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले से रेलवे के 11 लाख से अधिक कर्मचारियों को फायदा होगा। सरकार इस बोनस पर कुल 2,009.61 करोड़ रुपये खर्च करेगी। पात्र कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर अधिकतम 17,951 रुपये तक का बोनस दिया जाएगा।
Railway Employees Bonus: 11 लाख से अधिक रेल कर्मचारियों को मिलेगा बोनस-
केंद्र सरकार हर साल त्योहारों से पहले रेलवे कर्मचारियों को प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस देती है। इस बार भी दुर्गा पूजा और दशहरा के अवसर पर कर्मचारियों को यह सौगात दी गई है। सरकार के इस फैसले से 11 लाख से अधिक रेल कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार बोनस के रूप में 2,009 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित करेगी। इससे त्योहारों के दौरान कर्मचारियों को अतिरिक्त आर्थिक मदद मिलेगी।
Railway Employees Bonus: कितने रुपये का मिलेगा बोनस-
सरकार के फैसले के मुताबिक, पात्र रेल कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस दिया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये मिल सकते हैं। बोनस की राशि कर्मचारियों के खाते में सीधे भेजी जाएगी। इस फैसले का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों के योगदान को प्रोत्साहित करना और त्योहारों के दौरान उन्हें आर्थिक राहत देना है। रेलवे कर्मचारी देशभर में रेल सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस का फायदा-
रेलवे के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस का लाभ विभिन्न विभागों में काम करने वाले पात्र कर्मचारियों को मिलेगा। इनमें शामिल हैं:
– ट्रैक मेंटेनर
– लोको पायलट
– ट्रेन मैनेजर (गार्ड)
– स्टेशन मास्टर
– सुपरवाइजर
– तकनीशियन और हेल्पर
– पॉइंट्समैन
– मिनिस्ट्रियल स्टाफ
– ग्रुप C के अन्य पात्र कर्मचारी
इन कर्मचारियों को उनके निर्धारित नियमों और पात्रता के आधार पर बोनस दिया जाएगा।
रेलवे में 1.65 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी-
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे में रोजगार को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे में लगभग 1.65 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। रेल मंत्री के मुताबिक, वर्ष 2014 के बाद से रेलवे में अब तक करीब 5 लाख लोगों को नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का कहना है कि रेलवे में भर्ती के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और परिचालन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
IDBI बैंक को लेकर भी कैबिनेट का बड़ा फैसला-
रेल कर्मचारियों के बोनस के अलावा केंद्रीय कैबिनेट ने बैंकिंग क्षेत्र में भी एक अहम फैसला लिया है। IDBI बैंक के रणनीतिक विनिवेश की प्रक्रिया के तहत रणनीतिक साझेदार के चयन से जुड़ी जानकारी सामने आई है। इस प्रक्रिया के तहत बैंक की 60.72 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी बेचने की योजना है। वहीं, इस विनिवेश के बाद सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) मिलकर बैंक में अपनी 34 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखेंगे। यह फैसला बैंकिंग क्षेत्र में निवेश और रणनीतिक विनिवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़े- CJP को अमेरिका से मिल रही फंडिंग? अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन का बड़ा आरोप, PM मोदी पर कही ये बात








