Punjab Constable Heroin Case: पंजाब में नशा तस्करी से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जिस पुलिस कॉन्स्टेबल को सीमा पार से ड्रग्स तस्करी रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसी को 15 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामला तरन तारन जिले का है, जहां सीमा सुरक्षा बल (BSF) और जांच एजेंसियों ने कार्रवाई के दौरान आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार कॉन्स्टेबल की पहचान करनबीर सिंह के रूप में हुई है। फिलहाल, संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
Punjab Constable Heroin Case: 15 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा गया कॉन्स्टेबल-
जानकारी के मुताबिक, पंजाब के तरन तारन जिले के सीमावर्ती इलाके में ड्रोन के जरिए होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस कॉन्स्टेबल करनबीर सिंह को तैनात किया गया था। हालांकि, जांच के दौरान उसी कॉन्स्टेबल के पास से 15 किलो हेरोइन बरामद हुई। BSF और जांच एजेंसियों ने सराय अमानत खां इलाके में कार्रवाई की थी। इसी दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस घटना के सामने आने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा तस्करी पर रोक लगाने वाली व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Punjab Constable Heroin Case: अपने गांव ले जा रहा था हेरोइन-
जानकारी के अनुसार, BSF की नाकाबंदी के दौरान करनबीर सिंह को पकड़ा गया। आरोप है कि वह सीमावर्ती इलाके से बरामद हेरोइन को अपने गांव ले जा रहा था। हालांकि, हेरोइन की सप्लाई कहां से हुई थी और आरोपी इसे किसे देने वाला था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए होती है तस्करी-
पंजाब लंबे समय से नशा तस्करी की समस्या से जूझ रहा है। पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा लगने के कारण सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी तरह की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां और पंजाब पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी करती हैं। ऐसे में तस्करी रोकने की जिम्मेदारी संभाल रहे एक पुलिसकर्मी के पास से इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन मिलने का मामला गंभीर माना जा रहा है।
जांच एजेंसियां खंगाल रही हैं तस्करी का नेटवर्क-
करनबीर सिंह की गिरफ्तारी के बाद BSF और संबंधित जांच एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और हेरोइन कहां से लाई गई थी। इसके अलावा, एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से संबंध था या नहीं। फिलहाल, जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़े- रेलवे के 11 लाख कर्मचारियों को दिवाली से पहले तोहफा, ₹17,951 बोनस मंजूर








