Home » पश्चिम बंगाल » कोलकाता पंडाल हादसे से दहला शहर, 19 श्रद्धालुओं की मौत; पीएम मोदी और अमित शाह ने जताया दुख

कोलकाता पंडाल हादसे से दहला शहर, 19 श्रद्धालुओं की मौत; पीएम मोदी और अमित शाह ने जताया दुख

कोलकाता में पंडाल गिरने से 19 की मौत
कोलकाता में पंडाल गिरने से 19 की मौत

Kolkata Pandal Accident: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच सप्तमी की शाम बड़ा हादसा हो गया। चोरबगान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसके बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। हादसे के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल पूजा मंडप का गेट बंद कर दिया गया है।सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पंडाल का गेट टूटकर गिरने से कई लोगों को चोटें आई हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों का बेहतर और उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Kolkata Pandal Accident: पीएम मोदी ने जताया दुख

कोलकाता के इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है।

सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

हादसे में घायल लोगों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूजा आयोजकों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव का काम शुरू किया।पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से हादसे से जुड़ी जानकारी के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। लोग 18003455678 पर कॉल करके दुर्घटना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

चोरबगान पंडाल हादसे में 19 की मौत
चोरबगान पंडाल हादसे में 19 की मौत
Kolkata Pandal Accident: बारिश से बचने के दौरान बढ़ी भीड़

बताया जा रहा है कि रविवार शाम कोलकाता के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई थी। चश्मदीदों के अनुसार, बारिश से बचने के लिए पंडाल में मौजूद लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और हादसा हो गया।हादसे के बाद कई लोगों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई लोग बेहोश हो गए थे। कुछ घायलों और बेहोश लोगों को मोटरसाइकिलों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, चारों तरफ इसी तरह के हालात दिखाई दे रहे थे और मौके पर काफी ज्यादा भीड़ मौजूद थी।

पंडाल के अंदर अभी भी रेस्क्यू की जरूरत: कुणाल घोष

TMC नेता कुणाल घोष ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर कोलकाता के चोरबगान पूजा पंडाल में हुई इस घटना के बाद कुछ श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाने का काम जारी है।कुणाल घोष ने कहा कि हादसा कैसे और क्यों हुआ, इस पर बाद में चर्चा की जा सकती है। इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने की अपील की।उन्होंने कहा कि वे पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग कर रहे हैं और पंडाल के अंदर अभी भी राहत एवं बचाव अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। पूजा के दौरान हुई इस घटना को उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

Kolkata Pandal Accident: अमित शाह ने बंगाल के कार्यक्रम किए रद्द

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद उन्होंने रविवार को पश्चिम बंगाल में होने वाले अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।अमित शाह ने इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से भी बातचीत की। उन्होंने हादसे में हुई मौतों पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अस्पताल जाकर घायलों से मिलेंगे शाह

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि चोरबगान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात की।उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। शाह ने कहा कि प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल में उनके अगले दिन के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे। साथ ही उन्होंने मां दुर्गा से सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Kolkata Pandal Accident: दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में 19 की मौत
दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में 19 की मौत
Kolkata Pandal Accident: पहले 17 मौतों की आई थी खबर

गौरतलब है कि कोलकाता के चोरबगान इलाके में शाम करीब 7 बजकर 40 मिनट पर यह हादसा हुआ था। दुर्गा पूजा पंडाल का एक हिस्सा टूटकर गिर गया था। इसके नीचे दबने से 17 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई थी, जबकि करीब 35 लोग घायल बताए गए थे।घायलों को तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।

सीएम शुभेंदु ने बताया दुखद हादसा

घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि हादसे में 17 लोगों की मौत हुई है। उनके मुताबिक, क्लब की ओर से एक घोषणा किए जाने के बाद वहां भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहना और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार की अलग-अलग एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।उन्होंने सभी दुर्गा पूजा समितियों से अपील की कि वे पुलिस के साथ बेहतर तालमेल रखें और पंडाल से बाहर निकलने के लिए पर्याप्त और सुरक्षित रास्ते सुनिश्चित करें।

Kolkata Pandal Accident: फॉरेंसिक जांच से सामने आएगा हादसे का कारण

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि थीम आधारित पूजा के नाम पर कई पंडालों के अंदर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।उन्होंने कहा कि एक जांच टीम पूरे मामले की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि आखिर हादसा किस वजह से हुआ। कोलकाता पुलिस को निजी सुरक्षाकर्मियों और पूजा आयोजकों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूरे मामले की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।