Home » महाराष्ट्र » टाइगर श्रॉफ के हाथ-सीने पर पट्टियां, हमले के बाद पहली तस्वीर आई सामने; मुलाकात के बाद क्या बोले एकनाथ शिंदे?

टाइगर श्रॉफ के हाथ-सीने पर पट्टियां, हमले के बाद पहली तस्वीर आई सामने; मुलाकात के बाद क्या बोले एकनाथ शिंदे?

टाइगर श्रॉफ सुरक्षित, कार पर चलीं 5 गोलियां
टाइगर श्रॉफ सुरक्षित, कार पर चलीं 5 गोलियां

Tiger Shroff: मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर दो अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में टाइगर सुरक्षित हैं, लेकिन उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने उनकी कार पर 5 राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर से उनके घर पर मुलाकात की, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी फोन पर उनसे बात की। घटना के समय मौके पर मौजूद एक महिला ब्लॉगर ने भी अपनी आंखों देखी बताई है।

Tiger Shroff: जुहू के पुष्पा पार्क के पास टाइगर की कार पर फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम फुटबॉल मैच के बाद टाइगर श्रॉफ अपनी कार से जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे उनकी कार मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास पहुंची। इसी दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घटना के समय टाइगर कार की आगे वाली सीट पर बैठे थे और उनका ड्राइवर गाड़ी चला रहा था।

Tiger Shroff: टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर आई सामने
टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर आई सामने
हमलावरों ने चलाईं 5 गोलियां, ड्राइवर हुआ घायल

हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर 5 राउंड फायरिंग की। अचानक गोलियां चलने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। इस दौरान टाइगर का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया और कार से बाहर निकल आया। इसके बाद टाइगर आगे की यात्री सीट से ड्राइविंग सीट पर आ गए। उन्होंने खुद गाड़ी की कमान संभाली और कार लेकर वहां से निकल गए।

Tiger Shroff: ‘टाइगर बेटा, मुझे कुछ बताना है’, तभी सुनाई दीं गोलियां

जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त सलमा शेख नाम की एक महिला ब्लॉगर भी मौके पर मौजूद थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वह टाइगर श्रॉफ को देखकर उनसे बात करने की इच्छा जताती सुनाई देती हैं। वह कहती हैं, ‘टाइगर बेटा, मुझे कुछ बताना है।’ इसी दौरान अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने लगती है। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें उस शाम के हालात देखे जा सकते हैं।

फायरिंग के बाद सामने आई टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर

घटना के बाद टाइगर श्रॉफ की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें वह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ सोफे पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में उनके हाथ और सीने पर पट्टियां बंधी नजर आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, फायरिंग के दौरान उनके दाहिने हाथ पर बारूद से जलने के निशान आए। हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी।

Tiger Shroff: हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की तस्वीर
हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की तस्वीर
Tiger Shroff: एकनाथ शिंदे ने घर पहुंचकर टाइगर से की मुलाकात

फायरिंग की घटना के बाद रविवार रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार को राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया।मुलाकात के बाद शिंदे ने बताया कि टाइगर के दाहिने हाथ और सीने पर बारूद से जलने के निशान हैं। इसके अलावा, बारूद और कांच के टुकड़ों की वजह से उनके बाएं हाथ में भी चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि टाइगर के ड्राइवर को भी चोट लगी है।शिंदे ने इस घटना को गंभीर और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि टाइगर की कार पर 5 राउंड फायरिंग की गई, लेकिन राहत की बात यह है कि अभिनेता सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि टाइगर और उनकी मां इस घटना से काफी डरे हुए हैं। राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‘मुंबई में डर फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’

टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में लोगों के बीच डर फैलाने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जाएगा। शिंदे ने यह भी कहा कि शहर में सक्रिय सभी गिरोहों को खत्म करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

Tiger Shroff: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी टाइगर से की बात

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त से फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने टाइगर श्रॉफ को भी फोन किया। उन्होंने अभिनेता को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और आरोपियों को जल्द से जल्द ढूंढ़ निकाला जाएगा। उन्होंने टाइगर से चिंता नहीं करने की बात भी कही।

सलमा शेख ने बताई घटना के समय की पूरी कहानी

घटना के समय टाइगर श्रॉफ के आसपास बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक मौजूद थे। सलमा शेख भी उन्हीं लोगों में शामिल थीं, जिन्होंने अपनी आंखों के सामने यह घटना देखी।सलमा के मुताबिक, जब अचानक गोलियां चलने की आवाज आई, तो वहां मौजूद लोगों को लगा कि कोई पटाखे फोड़ रहा है। लेकिन जब टाइगर का ड्राइवर कार से बाहर निकला, तब लोगों को समझ आया कि वहां गोलीबारी हुई है। इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे।