Tiger Shroff Shooting: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा है। वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को पुलिस ने अंधेरी रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया है कि इस बाइक को अब तक तीन बार बेचा जा चुका है। पुलिस अब बाइक के पूर्व मालिकों से पूछताछ कर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने अभिनेता और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।
शूटरों की तलाश में पुलिस
पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावर इसी पल्सर बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। बाइक बरामद होने के बाद पुलिस ने उसके मालिकों की जानकारी जुटानी शुरू की और सबसे पहले जोगेश्वरी में रहने वाले उसके पूर्व मालिक से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पूर्व मालिक ने बताया कि उसने बाइक किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने दूसरे मालिक से पूछताछ की, तो उसने भी बाइक किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की बात कही। वहीं, तीसरे मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने यह बाइक शूटरों को बेची थी, लेकिन बाइक के दस्तावेजों में नाम ट्रांसफर नहीं कराया गया था। इसी वजह से बाइक के मौजूदा इस्तेमालकर्ता और शूटरों की पहचान करने में पुलिस को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल, पुलिस बाइक की बिक्री से जुड़ी पूरी कड़ी खंगाल रही है। जांच एजेंसियों की कोशिश है कि बाइक के जरिए हमलावरों की पहचान की जाए और वारदात में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।
Tiger Shroff Shooting: CM ने टाइगर श्रॉफ को दिया भरोसा
फायरिंग की घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ को आश्वस्त किया है कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने टाइगर श्रॉफ को भरोसा दिलाया है कि उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। हम इसके लिए जिम्मेदार लोगों को ढूंढ निकालेंगे और पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ है कि राज्य सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की दिशा में काम कर रही है।
डिप्टी सीएम ने घर पहुंचकर जाना हाल
जबकि मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार रात टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार को राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान सामने आई तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ के हाथ पर पट्टी बंधी दिखाई दी। उनके कंधे और छाती पर भी मरहम-पट्टी लगी हुई थी। एकनाथ शिंदे ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह एक बड़ी घटना है। पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन गनीमत रही कि वह सुरक्षित बच गए। उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं और यह घटना निंदनीय है। टाइगर श्रॉफ के बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं। इस घटना के बाद अभिनेता और उनकी मां दोनों सदमे में हैं।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सार्वजनिक हस्तियों को मिल रही धमकियों के मामलों में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिंदे ने कहा कि मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सार्वजनिक हस्तियों को मिल रही खुली धमकियों के मामले में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Tiger Shroff Shooting: फुटबॉल क्लब से निकलते समय सामने आई थी फायरिंग की खबर
ग़ौरतलब है कि रविवार शाम टाइगर श्रॉफ के एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकलने के दौरान फायरिंग की खबर सामने आई थी। घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। इसके बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। अब पुलिस की जांच का मुख्य फोकस बरामद पल्सर बाइक, उसके लगातार बदले मालिकों और शूटरों के बीच की कड़ी का पता लगाना है। पुलिस को उम्मीद है कि बाइक की खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़े… गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग के बाद अब टाइगर श्रॉफ निशाने पर, कौन है लॉरेंस बिश्नोई का करीबी अनिल पंडित?








