Home » राष्ट्रीय » अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; 8 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; 8 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

Ahmedabad

Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। महमूदपुरा इलाके के गैट्रेड रोड स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में आग लगने के बाद लगातार तेज धमाके होते रहे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

आग के बाद लगातार धमाकों से फैली दहशत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने के कुछ ही मिनटों बाद लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। धमाकों के कारण इलाके को खाली कराया गया और पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एलजी अस्पताल और सिविल अस्पताल सहित कई चिकित्सा केंद्रों में घायलों का उपचार किया जा रहा है।

Ahmedabad: राहत और बचाव अभियान में जुटा प्रशासन    

हादसे की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के महापौर, नगर आयुक्त और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित दमकल विभाग की कई टीमें राहत कार्य में लगी हुई हैं। आग बुझाने के लिए मिनी फाइटर, दो 20 हजार लीटर क्षमता वाले वाटर बाउजर, दो रैपिड इंटरवेंशन व्हीकल (RIV) और एक एंबुलेंस को तैनात किया गया। प्रशासन फैक्ट्री परिसर में फंसे लोगों की तलाश भी कर रहा है।

आग के कारणों की जांच शुरू

प्रशासन के अनुसार, टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया द्वारा किया जाता है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदार लोगों के बारे में जानकारी सामने आएगी।

Ahmedabad: पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रशासन ने भी प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

ये भी पढ़ें…सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा पर अमित शाह का फोकस, तीन दिन बंगाल दौरे पर