Ahmedabad Factory Blast: गुजरात के अहमदाबाद के महमूदपुरा इलाके में शनिवार दोपहर एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में एक महिला समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एलजी अस्पताल और सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
Ahmedabad Factory Blast: झोपड़ीनुमा फैक्ट्री पूरी तरह हुई तबाह-
जानकारी के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री झोपड़ीनुमा ढांचे में संचालित की जा रही थी। विस्फोट के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा परिसर मलबे में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
Ahmedabad Factory Blast: लाइसेंस रद्द होने के बाद भी चल रहा था संचालन-
संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह ने बताया कि फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था। इसके बावजूद मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति कथित रूप से यहां अवैध रूप से पटाखा निर्माण का काम कर रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ गैर-इरादतन मानववध सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है।
सबसे पहले बचाव के लिए पहुंचे RAF के जवान-
हादसे के बाद पास स्थित आरएएफ कैंप के जवान सबसे पहले मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। चीफ फायर ऑफिसर अमित डोगरे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
कई घायलों की हालत गंभीर-
अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट ने बताया कि घायलों का इलाज एलजी और सिविल अस्पताल में चल रहा है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया मुआवजे का ऐलान-
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
यह भी पढ़े- 14 साल पुरानी हॉलीवुड फिल्म ने Netflix पर मचाया धमाल, टॉप 10 ट्रेंडिंग में बनाई जगह








