Akhilesh Yadav: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए अपने अंदाज में राजनीतिक तंज कसा।राजभर ने बधाई संदेश को ही अखिलेश यादव के लिए जन्मदिन का खास उपहार बताया और उन्हें आरामदायक राजनीति छोड़कर गांव, गरीब, किसान और पिछड़े वर्ग के लोगों के बीच जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ने का कोई आसान रास्ता नहीं होता, इसके लिए जमीन पर उतरकर मेहनत करनी पड़ती है।
Akhilesh Yadav: राजभर ने सलाह को बताया जन्मदिन का तोहफा
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि वह उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हैं।उन्होंने कहा कि उन्होंने काफी सोचा कि अखिलेश यादव को जन्मदिन पर क्या उपहार दिया जाए। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश बड़े परिवार से आते हैं। उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री रह चुके हैं। अखिलेश यादव खुद भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्होंने आलीशान बंगलों में जीवन बिताया है। ऐसे में वह उन्हें कोई बड़ा उपहार नहीं दे सकते।
हालांकि, उन्होंने कहा कि उम्र और अनुभव के आधार पर वह अखिलेश यादव को एक महत्वपूर्ण सलाह जरूर दे सकते हैं और इसी सलाह को वह अपना जन्मदिन का उपहार मानने को कहेंगे।

एसी-पीसी वाली राजनीति छोड़ने की दी सलाह
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें अपनी आरामतलबी वाली जिंदगी से जल्द बाहर निकलना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसी और पीसी वाली राजनीति को छोड़कर जमीन से जुड़ने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को गांव-देहात की पगडंडियों पर जाना चाहिए और गैर-यादव पिछड़ों, गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए।राजभर ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश को समझने के लिए जनता के बीच जाना जरूरी है और लोगों के सुख-दुख में शामिल होना चाहिए।
खेत-किसान को समझने के लिए जमीन पर उतरने की बात
राजभर ने कहा कि सिर्फ एसी कमरे में बैठकर सोशल मीडिया पर खेत, किसान, मेड़ और पगडंडी से जुड़े वीडियो देखने से वास्तविकता को नहीं समझा जा सकता। उन्होंने अखिलेश यादव को खुद खेतों में जाकर किसानों की स्थिति को समझने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि शुरुआत में गांव की पगडंडियों और खेतों की मेड़ों पर चलने में परेशानी हो सकती है। पैरों में चोट लग सकती है, कांटा चुभ सकता है, धूप और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है और पसीने से भीगना पड़ सकता है। लेकिन लगातार प्रयास करने से गांव की राजनीति से लेकर प्रदेश की राजनीति का असली रास्ता समझ में आ जाएगा।
बोले- जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं
ओपी राजभर ने आगे कहा कि अखिलेश यादव को समझना चाहिए कि जनता और जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए खेतों की मेड़ों पर चलना और गांवों में जाकर लोगों से मिलना पड़ता है।उन्होंने कहा कि वह खुद 48 डिग्री तापमान में भी गांव-गांव घूमते हैं और लोगों से संपर्क बनाए रखते हैं।अंत में राजभर ने कहा कि उनकी यही सलाह अखिलेश यादव के लिए जन्मदिन का उचित उपहार है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि अखिलेश यादव को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिले। साथ ही उन्होंने एक बार फिर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़ें…राजस्थान के दौसा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 7 लोगों की मौत, 15 घायल








