Home » एक्सप्लनेर » जनगणना 2027 के लिए कैसे करें स्व-गणना? घर बैठे ऑनलाइन फॉर्म भरने का क्या है तरीका? जानें हर जरूरी सवाल का जवाब

जनगणना 2027 के लिए कैसे करें स्व-गणना? घर बैठे ऑनलाइन फॉर्म भरने का क्या है तरीका? जानें हर जरूरी सवाल का जवाब

जनगणना 2027: 40 सवालों के जवाब कैसे दें?
जनगणना 2027: 40 सवालों के जवाब कैसे दें?

Census 2027: उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत पांच राज्यों में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी गई है। यानी अब लोगों को अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराने के लिए सरकारी अधिकारियों का इंतजार नहीं करना होगा। वे घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी पूरी जानकारी भर सकते हैं।इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) मिलेगी। इसे बाद में घर आने वाले जनगणना अधिकारी को दिखाना होगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक अधिकारी घर-घर जाकर लोगों की ओर से दी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। देश में पहली बार डिजिटल जनगणना कराई जा रही है, जिसमें लोगों को खुद ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प दिया गया है। आइए जानते हैं कि स्व-गणना क्या है और इसे घर बैठे कैसे पूरा किया जा सकता है।

Census 2027: क्या है स्व-गणना पोर्टल?

स्व-गणना पोर्टल भारत सरकार की ओर से शुरू की गई एक ऑनलाइन सुविधा है। इसके जरिए लोग जनगणना के लिए अपने परिवार और घर से जुड़ी जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं। आमतौर पर जनगणना के दौरान सरकारी अधिकारी घर जाकर परिवार के सदस्यों से सवाल पूछते हैं और उनकी जानकारी दर्ज करते हैं। लेकिन इस बार लोग यही काम ऑनलाइन भी कर सकेंगे।इसके लिए सरकार ने आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in/ शुरू की है। इस पोर्टल पर जाकर राज्य और भाषा का चयन करने के बाद परिवार की जानकारी भरी जा सकती है। फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने पर एक यूनिक स्व-गणना पहचान संख्या जारी की जाएगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि जनगणना अधिकारी के घर आने पर यह आईडी दिखानी होगी।

Census 2027: ऑनलाइन स्व-गणना के लिए कैसे करें रजिस्ट्रेशन?

स्व-गणना की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कुछ आसान चरणों का पालन करना होगा।

1. आधिकारिक वेबसाइट खोलें: सबसे पहले https://se.census.gov.in/ पर जाएं। यहां अपने राज्य का चयन करें। इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनें। पोर्टल पर दिए गए सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें और आगे बढ़ें।

2. मोबाइल नंबर दर्ज करें: अगले चरण में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कैप्चा भरें। आपके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिसे दर्ज करके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें। ध्यान रखें कि संभव हो तो वही मोबाइल नंबर इस्तेमाल करें, जो जनगणना के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना (HLO) के दौरान दिया गया था।

3. मोबाइल नंबर का मिलान करें: मोबाइल नंबर का सत्यापन होने पर पोर्टल पहले चरण में दर्ज परिवार के पते की जानकारी दिखा सकता है। इसमें गांव या नगर, वार्ड, उप जिला, जिला और राज्य से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। इससे यह पुष्टि करने में मदद मिलेगी कि परिवार उसी स्थान पर रह रहा है या नहीं। यदि दिखाई गई जानकारी सही है तो आगे बढ़ सकते हैं। यदि पता बदल गया है या जानकारी मेल नहीं खाती है तो मैप के जरिए अपने वर्तमान निवास स्थान की जानकारी देनी होगी।

4. घर की लोकेशन दर्ज करें: इसके बाद डिजिटल मैप पर अपने घर की सही लोकेशन बतानी होगी। इसके लिए जिला, उप जिला और गांव या नगर का चयन करें। पोर्टल आपसे यह भी पूछ सकता है कि क्या आप मोबाइल की लोकेशन का इस्तेमाल करने की अनुमति देते हैं। यदि आप इसकी अनुमति देते हैं तो मैप पर मार्कर अपने आप आपकी लोकेशन दिखाएगा। जरूरत पड़ने पर आप मार्कर को सही जगह पर सेट भी कर सकते हैं।

अगर आप मोबाइल की लोकेशन का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो संबंधित विकल्प चुनकर गांव, नगर, इलाका, टोला या पड़ोस की जानकारी खुद भर सकते हैं। इसके बाद ड्रॉपडाउन लिस्ट में दिखाई देने वाले विकल्पों में से अपने निवास स्थान के सबसे नजदीक वाले स्थान का चयन करें।

5. निवास स्थान की पुष्टि करें: लोकेशन दर्ज करने के बाद स्क्रीन पर आपके निवास स्थान की जानकारी दिखाई देगी। इसे ध्यान से जांच लें। अगर कोई गलती है तो रीसेट के विकल्प से दोबारा जानकारी भर सकते हैं। सब कुछ सही होने पर सबमिट करके आगे बढ़ें।

6. परिवार के सदस्यों की जानकारी भरें: अब परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करना होगा। इसके लिए फॉर्म-14 में परिवार के सदस्यों की मूल जानकारी भरनी होगी। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग और जन्मतिथि जैसी जानकारियां शामिल हैं। सभी सदस्यों का विवरण सही-सही दर्ज करें। इसके बाद प्रश्न संख्या 7 से 40 तक पूछी गई जानकारियों के जवाब देने होंगे। पोर्टल पर पॉप-अप के माध्यम से परिवार के सदस्यों से संबंधित सवाल और उनके जवाब भरने के निर्देश भी दिखाई देंगे।

7. जानकारी की जांच और सेव करें: परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरने के बाद सामान्य जानकारी वाले सेक्शन में उनकी पूरी जानकारी देख सकते हैं। यदि परिवार में किसी नए सदस्य को जोड़ना है तो ‘सदस्य जोड़ें’ विकल्प पर क्लिक करें। ड्रॉपडाउन लिस्ट के जरिए भी सदस्यों का चयन किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर पहले भरी गई जानकारी में बदलाव भी कर सकते हैं। सभी विवरण सही होने पर ‘सदस्य का विवरण सहेजें’ विकल्प पर क्लिक करें।

8. फॉर्म जमा करें और SE ID प्राप्त करें: आखिरी चरण में ‘परिवार प्रस्तुत करें’ विकल्प पर क्लिक करके सभी जानकारियों की जांच करें। इसके बाद ‘डेटा प्रस्तुत करें’ पर क्लिक करके फॉर्म जमा कर दें। ध्यान रखें कि डेटा जमा करने के बाद उसमें बदलाव करने का विकल्प नहीं मिलेगा। सफलतापूर्वक प्रक्रिया पूरी होने पर P अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की एक विशिष्ट SE ID जारी होगी। यह आईडी स्क्रीन पर दिखाई देगी और आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए भी भेजी जाएगी। इसे संभालकर रखें और जनगणना अधिकारी के घर आने पर उन्हें दिखाएं।

Census 2027: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
स्व-गणना 2027: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
Census 2027: मोबाइल नंबर पहले वाले नंबर से अलग है तो क्या करें?

स्व-गणना के दौरान मोबाइल नंबर का मिलान जनगणना के पहले चरण में दर्ज किए गए नंबर से किया जाएगा। अगर दोनों नंबर अलग-अलग हैं तो प्रक्रिया आगे बढ़ने से पहले स्क्रीन पर एक पॉप-अप संदेश दिखाई देगा। इसमें पूछा जाएगा कि क्या आप इसी मोबाइल नंबर से आगे बढ़ना चाहते हैं या कोई दूसरा नंबर दर्ज करना चाहते हैं।अगर आप नया नंबर इस्तेमाल करना चाहते हैं तो ‘अन्य मोबाइल नंबर दर्ज करें’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज करके आगे बढ़ने के विकल्प का चयन करें। इसके बाद आप बाकी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

Census 2027: स्व-गणना फॉर्म में कौन-कौन से सवाल पूछे जाएंगे?

स्व-गणना पोर्टल पर परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़ी व्यक्तिगत, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक जानकारी मांगी जाएगी। इसमें कुल 40 सवाल शामिल हैं। इनके जरिए व्यक्ति की पहचान, शिक्षा, रोजगार और निवास से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।फॉर्म में मुख्य रूप से व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से उसका संबंध, लिंग, जन्मतिथि और पूरी उम्र पूछी जाएगी। इसके अलावा वर्तमान वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय उम्र, पति या पत्नी का नाम और घोषित राष्ट्रीयता की जानकारी भी देनी होगी।धर्म, अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति से जुड़ी जानकारी के साथ पिता और माता का विवरण भी मांगा जाएगा। इसके अलावा दिव्यांगता, मातृभाषा और अन्य भाषाओं की जानकारी, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति से जुड़े सवाल भी होंगे।शिक्षा से संबंधित सवालों में यह बताना होगा कि व्यक्ति किसी शैक्षणिक संस्थान में पढ़ रहा है या नहीं। साथ ही उसने किस स्तर तक पढ़ाई की है और उसका विषय या संकाय क्या रहा है, इसकी जानकारी भी देनी होगी।रोजगार से जुड़े सवालों में पूछा जाएगा कि व्यक्ति ने पिछले एक साल के दौरान कभी काम किया है या नहीं। इसके साथ आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग या सेवा का प्रकार और कर्मचारी की श्रेणी के बारे में भी जानकारी देनी होगी। जो लोग काम नहीं कर रहे हैं, उनसे गैर-आर्थिक गतिविधियों और काम की तलाश या काम के लिए उपलब्ध होने से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए की जाने वाली यात्रा का विवरण भी देना होगा।

इसके अलावा जन्म स्थान, पिछला निवास स्थान, एक जगह से दूसरी जगह जाने का कारण और वर्तमान गांव या शहर में रहने की अवधि पूछी जाएगी। स्थायी निवास का पता भी दर्ज करना होगा।महिलाओं से जुड़े कुछ सवाल उनकी वैवाहिक स्थिति के आधार पर होंगे। वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिलाओं से जीवित बच्चों की संख्या और अब तक जीवित पैदा हुए बच्चों की कुल संख्या पूछी जाएगी। वहीं, पिछले एक साल में जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या का सवाल केवल वर्तमान में विवाहित महिलाओं से पूछा जाएगा।इसके अलावा कोविड-19 टीकाकरण कहां कराया गया, कुल कितने बैंक खाते हैं, मोबाइल नंबर और आधार नंबर जैसी जानकारी भी मांगी जाएगी। वोटर आईडी नंबर, भारतीय पासपोर्ट होने पर पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी फॉर्म में शामिल हैं।

Census 2027: जाति और उपजाति का नाम खुद दर्ज करना होगा

स्व-गणना फॉर्म के 10वें सवाल में जाति से जुड़ी जानकारी मांगी जाएगी। इसमें व्यक्ति को बताना होगा कि वह अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) या किसी अन्य जाति से संबंधित है।पोर्टल पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं। हालांकि, अन्य जातियों के लिए पहले से कोई सूची या ड्रॉपडाउन विकल्प उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में इस श्रेणी में आने वाले लोगों को अपनी जाति या उपजाति का नाम खुद लिखकर दर्ज करना होगा।

ई-मेल पर भी देख सकते हैं परिवार की जानकारी

स्व-गणना पोर्टल पर परिवार के सदस्यों की जानकारी देखने के लिए ई-मेल से जुड़ा विकल्प भी दिया गया है। इसके लिए ई-जनगणना सूची में उस सदस्य का चयन करना होगा, जिसकी जानकारी आप ई-मेल पर प्राप्त करना चाहते हैं।इसके अलावा सामान्य जानकारी वाले सेक्शन में परिवार के सभी सदस्यों का विवरण एक साथ देखा जा सकता है। यहां किसी नए सदस्य को जोड़ने और पहले से दर्ज जानकारी में जरूरी बदलाव करने की सुविधा भी मिलेगी।

Census 2027: कब तक पूरी करनी होगी स्व-गणना की प्रक्रिया?

उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। लोगों को इसी तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। निर्धारित तारीख के बाद स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना अधिकारी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। अधिकारी स्व-गणना के दौरान दी गई जानकारी का मिलान करेंगे और जरूरत पड़ने पर विवरण की पुष्टि करेंगे। इसलिए ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी है। अधिकारी के घर पहुंचने पर उन्हें यह पहचान संख्या दिखानी होगी।