Dausa Road Accident: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब हरिद्वार से इंदौर जा रही एक बस की टक्कर ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में आग लग गई। हादसे के समय बस में कुल 39 यात्री सवार थे।

बस में ज्यादातर यात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले
यह हादसा कोलावा थाना क्षेत्र के द्वारपुरा गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकतर यात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। दुर्घटना के बाद कई यात्री आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं, कुछ यात्रियों को स्थानीय लोगों और राहत बचाव दल की मदद से बस से बाहर निकाला गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। घायलों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। इसकी मदद से एंबुलेंस को घटनास्थल से सीधे दौसा जिला अस्पताल तक पहुंचाया गया, ताकि घायलों को जल्द चिकित्सा सहायता मिल सके।

Dausa Road Accident: एक्सप्रेस वे पर यातायात हुआ प्रभावित
इस भीषण हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्ट किया और राहत एवं बचाव कार्य के लिए रास्ता साफ कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, प्रशासन मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को हादसे की जानकारी देने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली समेत 5 राज्यों में वोटर वेरिफिकेशन अभियान शुरू, जानिए क्या करना होगा और किन बातों का रखें ध्यान








