America Toofan: अमेरिका के उत्तर–पूर्वी हिस्से में भीषण बर्फीले तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के चलते कई शहरों में सड़क और हवाई यातायात ठप हो गया है। वाशिंगटन से लेकर बोस्टन तक हालात गंभीर बने हुए हैं, जहां प्रशासन ने यात्रा पर रोक लगाने के साथ स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है।
मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने इसे उत्तर–पूर्वी अमेरिका के लिए एक बड़ा शीतकालीन तूफान बताया है। विभाग के अनुसार उत्तरी मिड-अटलांटिक और उत्तर–पूर्वी क्षेत्रों में सोमवार तक भारी बर्फबारी जारी रह सकती है। कुछ इलाकों में एक घंटे में दो से तीन इंच तक बर्फ गिरने की आशंका है, जबकि कई जगह कुल बर्फबारी दो फीट तक पहुंच सकती है। इससे यात्रा करना लगभग असंभव हो सकता है।
America Toofan: न्यूयॉर्क में यात्रा पर प्रतिबंध, स्कूल बंद
न्यूयॉर्क शहर में प्रशासन ने रविवार रात 9 बजे से सोमवार दोपहर तक यात्रा पर प्रतिबंध लागू कर दिया है। शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने लोगों से गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की अपील की है। सोमवार को शहर के सभी स्कूल बंद रहेंगे, जो 2019 के बाद पहला पारंपरिक ‘स्नो डे’ माना जा रहा है। मौसम विभाग ने इसे “संभावित रूप से ऐतिहासिक बर्फीला तूफान” करार दिया है।
कई राज्यों में आपातकाल जैसे हालात
न्यू जर्सी में भी रात 9 बजे से यात्रा पर रोक लगा दी गई है। वहीं रोड आइलैंड में लोगों को शाम के बाद सड़कों पर न निकलने की सलाह दी गई है। जैसे-जैसे तूफान ने रफ्तार पकड़ी, कई राज्यों ने आपातकाल की घोषणा कर दी।
America Toofan: हवाई सेवाओं पर भारी असर
तूफान का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। एयरलाइनों ने रविवार और सोमवार के लिए करीब 8,000 उड़ानें रद्द कर दी हैं। लागार्डिया हवाई अड्डा और जॉन एफ. कैनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से संचालित लगभग आधी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। रविवार दोपहर तक 3,500 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो चुकी थीं।
बोस्टन और मैसाचुसेट्स में हालात गंभीर
बोस्टन और पूर्वी मैसाचुसेट्स के कई हिस्सों में दो फीट तक बर्फ गिरने का अनुमान है। यहां हवाओं की रफ्तार 75 मील प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। स्थानीय मौसम विभाग ने इसे “संभावित रूप से ऐतिहासिक और विनाशकारी तूफान” बताया है।
America Toofan: तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि डेलावेयर से केप कॉड तक तेज तटीय हवाओं के कारण समुद्री बाढ़ आ सकती है। इससे संरचनात्मक नुकसान और बड़े पैमाने पर सड़कें जलमग्न होने की आशंका जताई गई है।
5 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित
सेंट्रल अप्पलाचियन से तटीय मेन तक करीब 5.4 करोड़ लोग इस बर्फीले तूफान की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यह तूफान मंगलवार सुबह तक उत्तरी न्यू इंग्लैंड क्षेत्र से आगे बढ़ जाएगा, लेकिन तब तक हालात चुनौतीपूर्ण बने रह सकते हैं।
ये भी पढ़े… योगी आदित्यनाथ की सिंगापुर कूटनीति सफल? टेमासेक यूपी में करेगा बड़ा निवेश!






