Home » राष्ट्रीय » NEET मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार, अमित शाह ने स्पीकर को लिखा पत्र

NEET मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार, अमित शाह ने स्पीकर को लिखा पत्र

Amit Shah

Amit Shah: संसद के मानसून सत्र में NEET परीक्षा और छात्रों के आंदोलन को लेकर जारी गतिरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। शाह ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष से बातचीत कर चर्चा का समय तय किया जाए। उन्होंने कहा कि वह तय समय के दौरान सदन में मौजूद रहकर विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर चर्चा से पीछे हटने का आरोप लगाया है।

अमित शाह बोले- सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं

अमित शाह ने अपने पत्र में कहा कि बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सरकार की ओर से NEET परीक्षा पर चर्चा के लिए सहमति दे चुके हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष की मांग को पहले ही स्वीकार किया जा चुका है। शाह ने कहा कि मौजूदा सत्र में FCRA संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान विपक्ष के किसी सांसद ने NEET परीक्षा से संबंधित मुद्दा नहीं उठाया। इसके बावजूद सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति से जितना समय उचित समझें, उतना समय आवंटित किया जाए। शाह ने कहा कि लोकतंत्र में चर्चा और संवाद के जरिए ही समाधान निकलता है और उनका लोकतांत्रिक संस्थाओं में पूरा विश्वास है।

Amit Shah

 

Amit Shah: विपक्ष तय करे- चर्चा चाहिए या हंगामा

संसद के बाहर अमित शाह ने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर चर्चा की बजाय संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि संसदीय नियमों में अलग से बयान देने के बजाय विस्तृत बहस का प्रावधान है। यह गतिरोध NEET परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के आरोपों को लेकर बना हुआ है। विपक्ष लगातार सरकार से जवाब की मांग कर रहा है और राहुल गांधी ने भी गृह मंत्री से छात्रों से जुड़े सवालों पर जवाब देने की मांग की है।

रिजिजू बोले- पहली बार ऐसा दृश्य देखा

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के रुख पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार चर्चा चाहती है, लेकिन विपक्ष इससे पीछे हट रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने ही चर्चा और गृह मंत्री के जवाब की मांग की थी, लेकिन अब सरकार तैयार होने के बावजूद विपक्ष सहमत नहीं हो रहा। रिजिजू ने कहा कि अमित शाह ने अब लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर एक बार फिर विस्तृत चर्चा की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि जब सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, तो कांग्रेस चर्चा से क्यों भाग रही है। उन्होंने कहा कि संसद के प्रति विपक्ष की भी जिम्मेदारी है और लगातार हंगामा देशहित में नहीं है।

ये भी पढ़ें…मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर बैन, सरकार ने बिक्री और उत्पादन पर लगाई रोक