Amit Shah News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुडुचेरी पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ प्रदान किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि 5,000 से कम कर्मियों वाली पुडुचेरी पुलिस ने सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, वीरता, सेवा और समर्पण से यह सम्मान हासिल किया है।
पुडुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति कलर मिलने पर दी बधाई
पुडुचेरी में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने पुलिस को राष्ट्रपति का चिह्न प्रदान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेश की सरकार, पुडुचेरी पुलिस और प्रदेश की जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। अमित शाह ने कहा कि पुडुचेरी दक्षिण भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने न केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि पुडुचेरी की आध्यात्मिक विरासत की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
Amit Shah News: ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ सर्वोच्च पुलिस सम्मान
उन्होंने बताया कि ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ देश में किसी पुलिस बल को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। इसे ‘निशान’ भी कहा जाता है। यह सम्मान उत्कृष्ट सेवा, बहादुरी, अनुशासन और समर्पण के लिए प्रदान किया जाता है।
कोरोना काल में पुडुचेरी पुलिस के काम को सराहा
गृह मंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान पुडुचेरी पुलिस के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि मुश्किल दौर में पुलिस ने बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं की सेवा में पूरी निष्ठा और बहादुरी के साथ काम किया।
Amit Shah News: नए आपराधिक कानूनों का भी किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने ब्रिटिश कालीन कानूनों को बदलकर तीन नए भारतीय आपराधिक कानून लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि इन कानूनों का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि नागरिकों को न्याय उपलब्ध कराना है। गृह मंत्री ने कहा कि नए कानून तीन प्रमुख स्तंभों – टेक्नोलॉजी, टाइमलाइन और ट्रस्ट पर आधारित हैं। इससे न्याय प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी।








