Amritsar Infiltrator: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दाउके गांव के पास कंटीली तार लांघने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध घुसपैठिये को BSF जवानों ने गोली मार दी। मृतक के पास पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला।
Amritsar Infiltrator: दाउके गांव के पास दिखी संदिग्ध हलचल-
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह अमृतसर के दाउके गांव के पास भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF की एक बटालियन गश्त कर रही थी। इसी दौरान कंटीली तार के पास झाड़ियों में कुछ हलचल दिखाई दी। जवानों ने संदिग्ध व्यक्ति को झाड़ियों से बाहर आने के लिए कहा। इसके बाद वह बाहर आया और कंटीली तार पार करने की कोशिश करने लगा।
Amritsar Infiltrator: चेतावनी के बाद भी नहीं रुका संदिग्ध-
BSF जवानों ने संदिग्ध को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह आगे बढ़ता रहा। इसके बाद जवानों ने गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना तुरंत थाना घरिंडा पुलिस को दी गई। मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान की जा सके।
पुलिस ने दर्ज किया केस-
BSF की शिकायत के आधार पर थाना घरिंडा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान और उसके भारत आने के मकसद की जांच की जा रही है।
पाकिस्तान से नशा तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई-
इसी बीच पाकिस्तान से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ भी सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। काउंटर इंटेलिजेंस (CI) फिरोजपुर और BSF ने संयुक्त अभियान चलाकर 30 किलो 200 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
मोटरसाइकिल सवार दो आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस ने हेरोइन की खेप लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी फाजिल्का जिले के रहने वाले बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी गांव वले शाह उत्ताड़, फाजिल्का और मनप्रीत सिंह निवासी गांव नवान हस्ता, फाजिल्का के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े- बार-बार फंगल इंफेक्शन क्यों होता है? क्या यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत है?








