APEC 2026: 33वें एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC 2026) की मेजबानी चीन कर रहा है। यह बैठक चीन के मेजबान शहर शेनझेन में हो रही है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चीन इससे पहले भी APEC की मेजबानी कर चुका है। खबर इंडिया के एक्सप्लेनर में जानिए कि APEC शिखर सम्मेलन में कौन-कौन सी सदस्य अर्थव्यवस्थाएं हिस्सा लेंगी, इस बार किन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिहाज से यह सम्मेलन क्यों महत्वपूर्ण है।
APEC 2026: कौन-कौन सी अर्थव्यवस्थाएं होंगी शामिल?
एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC 2026) की 33वीं आर्थिक नेताओं की बैठक में कुल 21 सदस्य अर्थव्यवस्थाएं हिस्सा ले रही हैं। ये 21 सदस्य हैं: ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, कनाडा, चिली, चीन, हांगकांग (चीन), इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, मेक्सिको, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, पेरू, फिलीपींस, रूस, सिंगापुर, चीनी ताइपे (ताइवान), थाईलैंड, अमेरिका और वियतनाम। ये 21 सदस्य अर्थव्यवस्थाएं मुख्य रूप से व्यापार, निवेश, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), डिजिटल अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
APEC 2026: किन-किन मुद्दों पर होगी विशेष चर्चा?
शेनझेन में आयोजित APEC 2026 की बैठक में मुख्य रूप से आर्थिक खुलेपन, नवाचार और सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, डिजिटल अर्थव्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, APEC सम्मेलन से इतर अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं की प्रस्तावित त्रिपक्षीय मुलाकात भी चर्चा में है। इस मुलाकात में यूक्रेन संघर्ष, ईरान युद्ध और परमाणु हथियारों पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, ये मुद्दे APEC के आधिकारिक आर्थिक एजेंडे का हिस्सा नहीं हैं।
क्यों शेनझेन में हो रहा है शिखर सम्मेलन?
शेनझेन चीन का प्रमुख टेक्नोलॉजी हब है। Huawei, Tencent, DJI और BYD जैसी बड़ी कंपनियों का मुख्यालय या प्रमुख कारोबारी आधार शेनझेन में है। AI, डिजिटल अर्थव्यवस्था और तकनीकी नवाचार पर चर्चा के लिए शेनझेन एक उपयुक्त शहर है। एक जमाने में शेनझेन एक छोटा-सा गांव था। 1980 में इसे चीन के पहले विशेष आर्थिक क्षेत्रों (स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन) में शामिल किया गया। इसके बाद यह एक बड़े औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित हुआ। चीन इस सम्मेलन के जरिए शेनझेन के माध्यम से अपनी आर्थिक और तकनीकी प्रगति दिखाना चाहता है।
APEC क्या है और इसकी शुरुआत कब हुई?
APEC का पूरा नाम एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (Asia-Pacific Economic Cooperation) है। यह एशिया-प्रशांत क्षेत्र का एक क्षेत्रीय आर्थिक मंच है, जिसकी स्थापना साल 1989 में हुई थी। इसकी शुरुआत ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में हुई पहली बैठक से हुई थी, जिसमें 12 सदस्य अर्थव्यवस्थाएं शामिल थीं। वर्तमान में APEC के कुल 21 सदस्य हैं। इस संगठन का मुख्य उद्देश्य सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना, आर्थिक सहयोग को मजबूत करना और क्षेत्रीय विकास को गति देना है। APEC कोई सैन्य संगठन नहीं है और न ही यह यूरोपीय संघ की तरह कोई राजनीतिक संघ है। इसके फैसले आम सहमति और स्वैच्छिक सहयोग के आधार पर लिए जाते हैं।
APEC 2026 की थीम क्या है?
चीन में आयोजित हो रही 33वीं APEC आर्थिक नेताओं की बैठक की आधिकारिक थीम है- “Building an Asia-Pacific Community to Prosper Together” यानी “साझा समृद्धि के लिए एशिया-प्रशांत समुदाय का निर्माण”। इस थीम के तहत तीन प्रमुख प्राथमिकताएं तय की गई हैं- ओपननेस (खुलापन), इनोवेशन (नवाचार) और कोऑपरेशन (सहयोग)। ओपननेस के तहत सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार और निवेश को आसान बनाने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, इनोवेशन के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और नई खोजों को बढ़ावा देना शामिल है। इसके अलावा, कोऑपरेशन के तहत सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के बीच आर्थिक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास को मजबूत करने पर ध्यान दिया जा रहा है।
वैश्विक अर्थव्यवस्था में APEC का क्या महत्व है?
APEC केवल एशिया-प्रशांत क्षेत्र तक सीमित एक बैठक नहीं है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके 21 सदस्य वैश्विक व्यापार और आर्थिक गतिविधियों में बड़ा योगदान देते हैं। APEC के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2025 में इसकी सदस्य अर्थव्यवस्थाओं का वैश्विक GDP में लगभग 61.6 प्रतिशत योगदान था। वहीं, 2024 में वैश्विक वस्तुओं और वाणिज्यिक सेवाओं के व्यापार में इनका हिस्सा लगभग 46.7 प्रतिशत था। इस मंच के जरिए अमेरिका, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को व्यापार, निवेश और आर्थिक नीतियों पर बातचीत करने का अवसर मिलता है। ऐसे में APEC के फैसलों और सहयोग का असर वैश्विक सप्लाई चेन, कारोबार, तकनीकी विकास और निवेश पर भी पड़ सकता है। यही वजह है कि 2026 का यह शिखर सम्मेलन वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








