Ayodhya News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह रायगंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल होंगे। साथ ही भगवान आदिनाथ मंदिर के मुख्य द्वार और भगवान भरत के 100 पुत्रों के मंदिर का लोकार्पण भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान उनका रामलला के दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम निर्धारित है।
Ayodhya News: चंपत राय नहीं करेंगे राम मंदिर अगवानी-
मुख्यमंत्री के राम मंदिर आगमन पर इस बार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनकी अगवानी नहीं करेंगे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को नामित करने का अनुरोध किया गया है।
Ayodhya News: प्रतिनिधि भेजने के लिए प्रशासन ने जारी किए निर्देश-
जिला प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी निर्देशों में चंपत राय से कहा गया है कि मुख्यमंत्री के राम मंदिर दर्शन-पूजन कार्यक्रम के लिए वह किसी अन्य व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि नियुक्त करें। इसके साथ ही प्रतिनिधि की जानकारी ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सीयूजी नंबर पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दान पेटिकाओं से कथित चोरी विवाद के बीच बढ़ी चर्चाएं-
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब राम मंदिर की दान पेटिकाओं से कथित चोरी और चढ़ावे से जुड़े विवाद चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से चंपत राय को दूर रखने के निर्देशों को लेकर राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पहले हर वीआईपी की अगवानी करते थे चंपत राय-
राम मंदिर में आने वाले प्रमुख अतिथियों और वीआईपी मेहमानों की अगवानी की जिम्मेदारी आमतौर पर चंपत राय निभाते रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उनकी अनुपस्थिति को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
आधिकारिक बयान का इंतजार-
हालांकि, प्रशासन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अभी तक इस फैसले के पीछे किसी विशेष कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे और राम मंदिर कार्यक्रम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
Written by- ADARSH KATHANE
यह भी पढ़े- अमेरिकी फेड के फैसले के बाद कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट, चांदी 2.5% से ज्यादा टूटी








