Home » उत्तर प्रदेश » चित्र-परिचय आबादी के बीच गेहूं के खेत में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

चित्र-परिचय आबादी के बीच गेहूं के खेत में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

Bahraich News
Bahraich News

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में स्थित कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के अंतर्गत आने वाली कतर्नियाघाट, निशानगाड़ा और सुजौली रेंज में बीते कई दिनों से तेंदुए का आतंक लगातार बना हुआ है। इन रेंजों के विभिन्न गांवों में तेंदुए के हमलों में अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।

आबादी में घुसा तेंदुआ

मंगलवार रात करीब 9 बजे, निशानगाड़ा रेंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत कारीकोट के आजमगढ़ पुरवा गांव में जंगल से निकलकर एक तेंदुआ आबादी में घुस आया। इसी दौरान पेट्रोलिंग पर तैनात गजमित्र केशराम ने चफरिया निवासी हेमंत पंडित के खेत में तेंदुए को चहलकदमी करते हुए देखा। गजमित्र द्वारा शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों अमृतपाल सिंह, सगीर अहमद, इसरार और गोपाल सहित अन्य लोगों ने हाका लगाकर तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Bahraich News: तेंदुए की तस्वीर कैमरे में कैद

ग्रामीणों ने तेंदुए की तस्वीर अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर इसकी सूचना निशानगाड़ा रेंज कार्यालय में तैनात वन कर्मियों को दी। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और वन विभाग को शाम के समय आबादी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है।

शाम होते ही कट जाती है बिजली

थाना सुजौली क्षेत्र के 100 से अधिक गांव कतर्नियाघाट के जंगल से घिरे हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शाम होते ही बिजली कट जाने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिसका फायदा उठाकर तेंदुए आबादी में घुस आते हैं। इन गांवों में कैलाशपुरी पावर हाउस से बिजली आपूर्ति होती है, जहां 17 घंटे बिजली देने के बाद 7 घंटे कटौती की जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि रोजाना शाम के समय रोस्टिंग के नाम पर आधे से एक घंटे तक बिजली काट दी जाती है, जिससे अंधेरा होते ही तेंदुए की आवाजाही बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि सुजौली क्षेत्र में तेंदुए से जुड़ी अधिकांश घटनाएं बिजली कटने के बाद ही हुई हैं।

तेंदुए के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई को ज्ञापन सौंपकर शाम के समय बिजली आपूर्ति बंद न किए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शाम के समय रोशनी बनी रहे, तो तेंदुए की गतिविधियों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।

Report By: उवेश रहमान

ये भी पढ़े… कतर्नियाघाट में अवैध शिकार का प्रयास नाकाम, वन विभाग ने युवक को बंदूक समेत पकड़ा