Ballia Ragini Viral Video: स्कूल जाने की उम्र में बच्चों के कंधों पर बैग और चेहरे पर मुस्कान नजर आती है। लेकिन उत्तर प्रदेश के बलिया से सामने आई सात साल की रागिनी की कहानी उन तस्वीरों से बिल्कुल अलग है। रागिनी एक पैर खराब होने के बावजूद रोज करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित स्कूल जाती है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक पैर पर कूदते हुए स्कूल जाती दिखाई दे रही है।
हादसे में खराब हुआ पैर
जानकारी के मुताबिक, रागिनी जब महज छह महीने की थी, तब एक हादसे में उसका एक पैर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिवार ने इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेहतर इलाज नहीं हो सका। समय के साथ उसका पैर ठीक नहीं हो पाया। आज स्थिति यह है कि रागिनी एक पैर के सहारे ही रोजमर्रा के काम करती है। स्कूल जाना उसके लिए किसी चुनौती से कम नहीं, लेकिन पढ़ने की इच्छा ने उसके हौसले को कमजोर नहीं होने दिया।
Ballia Ragini Viral Video: एक पैर पर कूदकर स्कूल का सफर
वायरल वीडियो में रागिनी एक पैर पर कूद-कूदकर स्कूल जाती नजर आती है। उसके घर से स्कूल की दूरी करीब आधा किलोमीटर बताई जा रही है। जहां दूसरे बच्चे आसानी से चलकर या दौड़कर स्कूल पहुंचते हैं, वहीं रागिनी हर दिन इसी तरह का संघर्ष करती है। उसकी कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग प्रशासन से बच्ची की मदद करने की अपील कर रहे हैं।
‘DM अंकल, साइकिल दिलवा दीजिए…’
वायरल वीडियो में रागिनी जिलाधिकारी से मदद की अपील करती सुनाई दे रही है। वह कहती है, “डीएम अंकल, मेरा एक पैर खराब हो चुका है, हमें साइकिल दिलवा दीजिए, हम रोज पढ़ने आएंगे।” रागिनी की यह अपील सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही है। लोग उसके पढ़ाई के प्रति जज्बे की सराहना कर रहे हैं और प्रशासन से उसे जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
Ballia Ragini Viral Video: प्रशासन ने भेजी टीम
वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्हें बच्ची के बारे में उसी दिन जानकारी मिली। इसके बाद दिव्यांग अधिकारी और डॉक्टर को बच्ची के पास भेजा गया है। जिलाधिकारी के मुताबिक, बच्ची और उसके परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। रागिनी की कहानी सिर्फ उसकी परेशानी की कहानी नहीं है, बल्कि यह पढ़ने की उसकी जिद और मुश्किल परिस्थितियों के सामने उसके हौसले की कहानी भी है। अब उम्मीद है कि प्रशासन की मदद से स्कूल तक उसका सफर आसान होगा और उसकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सकेगी।
DM अंकल, मुझे साइकिल दिलवा दीजिए। मैं रोज स्कूल पढ़ने आऊंगी….
बलिया : ये कक्षा 1 की छात्रा रागिनी है। मनियर के प्राथमिक विद्यालय दिघेड़ा में पढ़ती है। एक हादसे में छात्रा का एक पैर क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद ये एक पैर से कूद-कूदकर स्कूल जाती है। इन्होने अब अपने जिले… pic.twitter.com/Ci6qCbmCrX
— Ashish Paswan (@ashishpaswan0) September 1, 2026
ये भी पढ़े… दिशा सालियान केस की CBI जांच: हाईकोर्ट ने FIR के दिए निर्देश; सुशांत की मौत से 6 दिन पहले हुई थी मौत








