Bangladesh India Border Tensions : भारत-बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक तनाव लगातार दोनों के रिश्ते पर पड़ता दिखाई दे रहा है। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के एक वरिष्ठ सलाहकार के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई कथित बदसलूकी को लेकर ढाका ने नाराजगी जताई है। इस मामले में बांग्लादेश सरकार ने ढाका में तैनात भारत के उप-उच्चायुक्त पवन बधे को सोमवार देर रात विदेश मंत्रालय में तलब किया। इस दौरान बांग्लादेश ने भारत के सामने औपचारिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया।

बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने इस घटना को अवांछित और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उनका कहना है कि दोनों देशों के अच्छे संबंधों को देखते हुए ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। इस घटना के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। भारत की ओर से अभी इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस कारण भड़का बांग्लादेश
बांग्लादेश सरकार के रणनीति सलाहकार जाहिद उर रहमान एक कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आए थे। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भारतीय अधिकारियों ने उन्हें कुछ समय के लिए रोक लिया। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने और अपने कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दे दी गई। इस घटना को लेकर बांग्लादेश सरकार ने नाराजगी जताई है और भारत के सामने अपना विरोध दर्ज कराया है। हालांकि, इस मामले पर भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
संवेदनशील दौर से गुजर रहे रिश्ते
भारत-बांग्लादेश के बीच पहले से चल रहा है इन मुद्दों पर विवाद यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब भारत और बांग्लादेश के रिश्ते एक संवेदनशील दौर से गुजर रहे हैं। इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश में हुए चुनाव के बाद तारिक रहमान के सत्ता में आने से दोनों देशों के संबंधों में कुछ सुधार देखने को मिला था। हालांकि, इसके बावजूद कुछ अहम मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं। इन दो बड़े मुद्दों को लेकर भारत और बांग्लादेश अब भी आमने-सामने हैं, जिससे रिश्तों में तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है।
शेख हसीना को वापस भेजने की मांग
साल 2024 में बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद पूर्व प्रधानमंत्री Sheikh Hasina को देश छोड़ना पड़ा था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश की सरकार लगातार भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग कर रही है। हालांकि, इस मामले पर अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। इसी वजह से यह मुद्दा दोनों देशों के बीच तनाव की एक बड़ी वजह बना हुआ है। सीमा और प्रवासियों का मुद्दा बना तनाव की दूसरी बड़ी वजह बांग्लादेश का आरोप है कि भारत बिना जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किए कुछ लोगों को बांग्लादेश की सीमा में भेजने की कोशिश कर रहा है।
बांग्लादेश का कहना है कि इन लोगों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं थे। वहीं, बांग्लादेशी सुरक्षा बलों का दावा है कि उन्होंने हाल के दिनों में ऐसी कई कोशिशों को रोका है। इस मुद्दे को लेकर भी दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं और यह तनाव की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
Read More : अकाल तख्त विवाद के बीच CM मान का पलटवार, बोले- ‘मुझे बदनाम करने की साजिश’
Written By : Rishika Srivastva








