Home » राजनीति » बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम और रेजीनगर में BJP की बड़ी जीत

बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम और रेजीनगर में BJP की बड़ी जीत

Bengal By-Election 2026:

Bengal By-Election 2026: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ी जीत दर्ज की है। नंदीग्राम में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ ने भारी मतों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि मुस्लिम बहुल रेजीनगर सीट पर भी पार्टी ने जीत का परचम लहराया। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था और शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना पूरी की गई।

Bengal By-Election 2026: नंदीग्राम में भाजपा ने बनाया जीत का रिकॉर्ड-

नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान 41,674 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। भाकपा के शांति गोपाल गिरि को केवल 5,725 वोट मिले। इस जीत के साथ भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में फलता सीट पर दर्ज 1,09,021 वोटों के जीत के अंतर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। पिछले विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर को 9,665 वोटों से हराया था।

Bengal By-Election 2026: मुस्लिम बहुल रेजीनगर में भी भाजपा की जीत-

रेजीनगर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शाखारभ सरकार ने जीत हासिल की। उन्होंने हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को बड़े अंतर से हराया। भाजपा को यहां 1,29,914 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 6,168 और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को 3,847 वोट मिले। रेजीनगर में मुस्लिम आबादी अधिक होने के कारण इस सीट के चुनावी नतीजों को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा की जीत ने इस सीट पर मुकाबले को लेकर बनी राजनीतिक चर्चाओं को भी तेज कर दिया है।

उपचुनाव से पहले खाली हुई थीं दोनों सीटे-

नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटें खाली होने के बाद यहां उपचुनाव कराए गए। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना पूरी की गई। इन चुनावों के नतीजों पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी थीं।

शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा की जीत पर क्या कहा-

रेजीनगर में जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा के खिलाफ लोगों के बीच डर फैलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि लोगों को बताया जा रहा था कि भाजपा के सत्ता में आने पर उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा या नजरबंदी केंद्रों में रखा जाएगा। शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, लोगों ने इन दावों को खारिज करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि रेजीनगर में अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं और बड़ी संख्या में मतदाताओं ने भाजपा का समर्थन किया।

बंगाल की राजनीति के लिए क्यों अहम हैं ये नतीजे-

नंदीग्राम और रेजीनगर में भाजपा की जीत पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिहाज से चर्चा का विषय बन गई है। खासकर रेजीनगर में जीत को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहां मुस्लिम आबादी अधिक है। हालांकि, इन दो सीटों के नतीजों के आधार पर पूरे राज्य के मतदाताओं के रुझान का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

यह भी पढ़े- दिल्ली में शनिवार को क्या-क्या रहेगा बंद? CJP प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम