Home » नई दिल्ली » दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा सख्त, 24 घंटे बंद रहेगा इंटरनेट; 28 ट्रेनें रद्द

दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा सख्त, 24 घंटे बंद रहेगा इंटरनेट; 28 ट्रेनें रद्द

CJP Protest Delhi:

CJP Protest Delhi: दिल्ली में 10 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नई दिल्ली में जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में 9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इसके अलावा, रेलवे ने 28 ट्रेनों को रद्द किया है। प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के करीब 23 हजार जवानों और दिल्ली पुलिस के लगभग 20 हजार कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

CJP Protest Delhi: 24 घंटे तक बंद रहेंगी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं-

दिल्ली पुलिस ने दूरसंचार कंपनियों को मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में 9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।यह प्रतिबंध मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर लागू होगा। इसके लिए दूरसंचार अधिनियम, 2023 और दूरसंचार सेवा निलंबन नियम, 2024 के तहत आदेश जारी किया गया है। एयरटेल, जियो, वोडाफोन-आइडिया और एमटीएनएल को निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।

CJP Protest Delhi: दिल्ली में 28 ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी-

CJP प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने 28 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। इससे नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रद्द की गई ट्रेनों में मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस और यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, कुछ ट्रेनें रेक उपलब्ध नहीं होने के कारण भी रद्द की गई हैं। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच करने की सलाह दी जाती है।

23 हजार CAPF और 20 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा-

प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 8 से 12 अक्टूबर तक राजधानी में सुरक्षाबलों की कुल 221 कंपनियां तैनात रहेंगी। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को अतिरिक्त 110 CAPF कंपनियां उपलब्ध कराई हैं। इनमें 85 CRPF, 10 SSB, 7 RAF, 7 ITBP और 1 CISF कंपनी शामिल है। प्रदर्शन के दौरान करीब 23 हजार CAPF जवानों के साथ दिल्ली पुलिस के लगभग 20 हजार कर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

दिल्ली की सीमाओं पर निगरानी, कई इलाकों में बैरिकेडिंग-

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। दिल्ली की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली के कई इलाकों में आवाजाही प्रतिबंधित रह सकती है। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए मल्टीलेयर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा, CCTV कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। भीड़ में संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए FRS कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

धारा 163 लागू, ट्रैफिक पर भी पड़ेगा असर-

दिल्ली में 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है। इसके अलावा, कई इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू रहेगी। इसके तहत संबंधित आदेशों के अनुसार बिना अनुमति लोगों के एकत्र होने और प्रदर्शन करने पर रोक लगाई जा सकती है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत निगरानी बढ़ा दी है। प्रदर्शन के दौरान इंटरनेट सेवाओं, रेल यातायात और सड़क परिवहन पर पड़ने वाले असर को देखते हुए लोगों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने की जरूरत होगी।

यह भी पढ़े- रसिक दुलारी की मौत के बाद पहली बार बोले प्रेमानंद महाराज, मीरा-प्रह्लाद का दिया उदाहरण