Home » पश्चिम बंगाल » राफेल भी तैनात कर देते… बंगाल में मतदान के बीच ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तंज

राफेल भी तैनात कर देते… बंगाल में मतदान के बीच ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तंज

मतदान के बीच ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी का तंज

Bengal Election Voting: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। इस चरण में राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। चुनाव आयोग ने सात जिलों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की हैं। इसके साथ ही कई वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की गई है, जो मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।

राफेल जेट की तैनाती ही बाकी

हालांकि, इतनी भारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इस पर नाराजगी जताई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने तंज कसते हुए कहा कि राज्य में सुरक्षा बलों की इतनी तैनाती कर दी गई है कि अब सिर्फ राफेल जेट की तैनाती ही बाकी रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जरूरत से ज्यादा केंद्रीय बलों की मौजूदगी से आम मतदाताओं में डर का माहौल बन सकता है। भाजपा के दावों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक ने अपनी पार्टी की जीत का भरोसा जताया। भाजपा द्वारा पश्चिम बंगाल में क्लीन स्वीप के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ऐसे दावे पहले भी किए गए थे, लेकिन हर बार नतीजे इसके उलट ही आए हैं। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की भविष्यवाणियां कभी सही साबित नहीं हुईं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि 2021 में भाजपा ने 200 सीटों का दावा किया था, लेकिन TMC ने 200 से ज्यादा सीटें जीत लीं।

Bengal Election Voting: भाजपा के दावे गलत हुए साबित

इसी तरह लोकसभा चुनाव में भी भाजपा के दावे गलत साबित हुए। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस बार भी भाजपा 177 सीटों का दावा कर रही है, लेकिन उनके ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए यह आंकड़ा काफी कम रह जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि टीएमसी इस बार और बेहतर प्रदर्शन करेगी और 2021 से ज्यादा जनादेश हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का वोट प्रतिशत भी बढ़ेगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो सख्ती भाजपा को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर दिखानी चाहिए, वह बंगाल के लोगों के साथ दिखाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल की जनता को समझने में नाकाम रही है। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें और टीएमसी को मजबूत जनादेश दें, ताकि भविष्य में राज्य के साथ किसी तरह का अन्याय करने से पहले विरोधी दलों को कई बार सोचना पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि पहले चरण का मतदान उनकी पार्टी के लिए सकारात्मक रहा है और वे पहले ही शतक का आंकड़ा पार कर चुके हैं। अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर यह आरोप भी लगाया कि वह नहीं चाहती कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लें। इसके अलावा उन्होंने “बाहरी लोगों” के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि जितना ज्यादा बाहरी लोगों को लाकर बंगाल में प्रभाव डालने की कोशिश की जाएगी, उतना ही भाजपा को नुकसान होगा।

ये भी पढ़े… बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे की अपील बोले- ‘बिना डरे डाले वोट’

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments