Bengal Elections ED Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अप्रैल माह में अब तक एजेंसी मंत्रियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कथित राजनीतिक मध्यस्थों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के करीब 19 मामलों में छापेमारी और पूछताछ कर चुकी है।
आई-पीएसी और अधिकारियों पर शिकंजा
ईडी ने चुनावी रणनीति से जुड़ी कंपनी I-PAC के निदेशक ऋषि राज को तलब किया है। इसके साथ ही एसएससी भर्ती घोटाले में पूर्व प्रधान सचिव और आईएएस अधिकारी मनीष जैन से भी पूछताछ की जा रही है। इस मामले में आई-पीएसी के अन्य निदेशक प्रतीक जैन को पहले भी कई बार बुलाया जा चुका है, जबकि विनेश चंदेल फिलहाल एजेंसी की हिरासत में हैं।
Bengal Elections ED Raid: DCP लापता, बढ़ी हलचल
ईडी की कार्रवाई के बीच कोलकाता पुलिस के डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास के लापता होने की खबर से हड़कंप मच गया है। ईडी ने उनके आवास पर छापेमारी की थी। बिस्वास कथित फर्जी एनआरआई कोटा प्रवेश और अन्य मामलों में जांच के दायरे में हैं। समन के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
टीएमसी नेताओं पर भी कार्रवाई
राशन घोटाले से जुड़े मामले में ईडी ने नुसरत जहां को भी तलब किया। वह जांच के सिलसिले में कोलकाता स्थित ईडी कार्यालय पहुंचीं। इससे पहले पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी से जुड़े परिसरों पर भी छापेमारी की गई थी।
Bengal Elections ED Raid: सियासी माहौल गरमाया
इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों के बीच ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने आरोप लगाया है कि चुनाव से पहले माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, एजेंसी का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। चुनाव से पहले ईडी की सक्रियता ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने के संकेत हैं।
ये भी पढ़े… दिल्ली हाईकोर्ट में बड़ा मोड़! केजरीवाल केस में बड़ा ट्विस्ट! जस्टिस तेजस कारिया खुद से अचानक अलग क्यों हुए?








