Betul News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार सुबह मध्य प्रदेश के बैतूल जिले पहुंचीं। यहां उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” विषय पर आधारित महासम्मेलन में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ की गई। इसके बाद राष्ट्रपति ने दीप प्रज्ज्वलित कर महासम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया।

अतिथियों की मौजूदगी में हुआ स्वागत
महासम्मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मंच पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, संस्था के ओडिशा प्रभारी डॉ. नथमल, माउंट आबू से आईं लीना बहन और शैलजा बहन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने की।
राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर सुबह मिलानपुर टोल नाका स्थित हेलीपैड पर उतरा। यहां प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के बाद राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुआ।

Betul News: पौधरोपण कर प्रदर्शनी देखी
कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने पौधरोपण किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित गतिविधियों की जानकारी ली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के बाद महासम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया गया।राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे बैतूल शहर में सुरक्षा के विशेष और व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी लगातार सभी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।महासम्मेलन के समापन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के ओंकारेश्वर के लिए रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
ये भी पढ़े…वृंदावन में दर्दनाक हादसा: वाटर स्प्रे कूलर में उतरे करंट से 21 वर्षीय युवक की मौत








