Bhopal news: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बकरीद को लेकर प्रशासन और वक्फ बोर्ड ने सख्त गाइडलाइन जारी की है। राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने सभी जिलों में सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि बकरीद पर कुर्बानी और नमाज केवल तय नियमों के तहत ही होगी।
चयनित स्थानों पर ही होगी कुर्बानी
जारी आदेश में कहा गया है कि कुर्बानी केवल प्रशासन द्वारा तय किए गए स्थानों पर ही की जाए। प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही कुर्बानी वाले स्थानों को चारों तरफ से ढककर रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Bhopal news: खुले में नमाज पढ़ने से बचने की अपील
सरकार की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि बकरीद की नमाज केवल ईदगाह और मस्जिद परिसर के अंदर ही अदा की जाए। बिना जरूरत सड़कों या सार्वजनिक जगहों पर नमाज पढ़ने से बचने की अपील की गई है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय प्रशासन से अनुमति और सहयोग लेने को भी कहा गया है।
Bhopal news: सोशल मीडिया को लेकर भी चेतावनी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कुर्बानी से जुड़े वीडियो या ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करें। अधिकारियों का कहना है कि इससे धार्मिक सौहार्द बिगड़ सकता है। सरकार की ओर से जारी प्रमुख निर्देश, कुर्बानी केवल तय स्थानों पर करें, प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित, कुर्बानी स्थल को ढककर रखें और दवाई का छिड़काव कराएं, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, जानवरों के अवशेष नगर निगम के तय कंटेनर में ही डालें, कुर्बानी के वीडियो/फोटो सोशल मीडिया पर शेयर न करें, नमाज केवल ईदगाह और मस्जिद परिसर में ही अदा करें।
प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील
Bhopal news: प्रशासन और वक्फ बोर्ड ने सभी लोगों से शांति, साफ-सफाई और सरकारी नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके।








