Home » Breaking News » बेगूसराय में मातम: ट्रक से भिड़ी कार, तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की मौत से पुलिस महकमे में शोक

बेगूसराय में मातम: ट्रक से भिड़ी कार, तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की मौत से पुलिस महकमे में शोक

Bihar Accident News: बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक के पीछे फंस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे अधिकारी

जानकारी के मुताबिक कार में सवार सभी लोग मधेपुरा जिले में तैनात पुलिस अधिकारी थे। वे पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस मधेपुरा लौट रहे थे। हादसे में मृतकों की पहचान थाना प्रभारी साजन पासवान, नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा वाहन चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है।

Bihar Accident News: तीन की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल साजन पासवान को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस महकमे में शोक की लहर

घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (Manish Kumar), सदर डीएसपी आनंद पांडे (Anand Pandey) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे से बिहार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

ये भी पढ़े… दिल्ली में आंधी के साथ तेज बारिश, IMD का रेड अलर्ट; 2-3 दिन में यूपी पहुंचेगा मानसून