Home » बिहार » बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़, बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर पर जन सुराज ने खेला बड़ा दांव

बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़, बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर पर जन सुराज ने खेला बड़ा दांव

BIHAR BY ELECTION 2026: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने बड़ा दांव खेलते हुए पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। रविवार को पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। इस दौरान प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे। उनकी उम्मीदवारी के साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया।

‘जनता का आशीर्वाद मिला तो विधानसभा में उठाऊंगा उनकी आवाज’

उम्मीदवार घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता का समर्थन मिला तो वह विधानसभा में बांकीपुर की आवाज मजबूती से उठाएंगे और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।

BIHAR BY ELECTION 2026: ‘बिहार परिवर्तन ही मेरा लक्ष्य’

प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनके जीवन का उद्देश्य रहा है और आने वाले वर्षों में भी बिहार में परिवर्तन का सपना पूरा करना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव उसी बड़े लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जन सुराज कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का दावा

उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद कई समर्थक निराश हुए थे, लेकिन बांकीपुर उपचुनाव में जीत जन सुराज आंदोलन को नई मजबूती देगी और बिहार में राजनीतिक परिवर्तन की उम्मीदों को फिर से जीवित करेगी।

BIHAR BY ELECTION 2026: पहले से सक्रिय थे प्रशांत किशोर

पिछले कई सप्ताह से प्रशांत किशोर लगातार बांकीपुर क्षेत्र में जनसभाएं, नुक्कड़ बैठकें और स्थानीय लोगों से संवाद कर रहे थे। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी को पहले से तय रणनीति का हिस्सा माना जा रहा था।

30 जुलाई को होगा मतदान

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुई है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा। प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है। अब सभी की निगाहें भाजपा और अन्य दलों के उम्मीदवारों की घोषणा पर टिकी हैं।

ये भी पढ़े… शरीर में दिख रही है गांठ? इन संकेतों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज, जानें कब हो सकता है कैंसर का खतरा