Bihar Flood Risk: बिहार में इस साल अब तक सामान्य से कम बारिश होने के बावजूद राज्य की प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गंगा, सोन, गंडक, कोसी, घाघरा, बूढ़ी गंडक और बागमती कई स्थानों पर खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। इससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है और कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पटना में गंगा खतरे के निशान से ऊपर
पटना में गंगा नदी गांधी घाट, दीघा घाट और हाथीदह में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। शनिवार सुबह गांधी घाट पर जलस्तर खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया। दीघा घाट पर यह 8 सेंटीमीटर और हाथीदह में 46 सेंटीमीटर ऊपर रहा। अगले दिन दीघा घाट और हाथीदह में जलस्तर और बढ़ने का अनुमान है। कहलगांव में भी गंगा खतरे के निशान से महज 2 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।
Bihar Flood Risk: मुंगेर में मंदिर परिसर में घुसा बाढ़ का पानी
मुंगेर में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रसिद्ध चंडिका स्थान मंदिर परिसर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। मंदिर परिसर में पानी पहुंचने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। वहीं, पटना जिले के गनेर में सोन नदी खतरे के निशान से एक सेंटीमीटर ऊपर दर्ज की गई है।

कोसी-गंडक समेत कई नदियां उफान पर
घाघरा नदी सिवान के दरौली में खतरे के निशान से 38 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। गोपालगंज के डुमरियाघाट में गंडक नदी 56 सेंटीमीटर ऊपर है। खगड़िया के बलतारा में कोसी नदी खतरे के निशान से 54 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। कटिहार के कुरसेला में कोसी अभी 6 सेंटीमीटर नीचे है, लेकिन अगले दिन जलस्तर में 38 सेंटीमीटर तक बढ़ोतरी का अनुमान है। खगड़िया में बूढ़ी गंडक भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है।
Bihar Flood Risk: बारिश का पूर्वानुमान, निगरानी बढ़ी
मुजफ्फरपुर के बेनीबाद में बागमती नदी खतरे के निशान से 26 सेंटीमीटर नीचे दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त तक नॉर्थ कोयल और कन्हार के जलग्रहण क्षेत्रों में हल्की से सामान्य बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य जलग्रहण क्षेत्रों में भी हल्की बारिश का अनुमान है। ऐसे में नदियों के जलस्तर में संभावित बदलाव को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें…यूपी बोर्ड की 11वीं-12वीं की परीक्षा का बदलेगा पैटर्न, जानें नए नियम








