Bihar news: बिहार में चल रहे सहयोग शिविरों के बीच गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी एक अधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सख्त लहजे में फटकार लगाते दिखाई दे रहे हैं।
सहयोग शिविर में पहुंचे थे शिक्षा मंत्री
जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी अपने विधानसभा क्षेत्र बैकुंठपुर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। इसी दौरान बैकुंठपुर के अंचल अधिकारी (CO) शिविर में आए आवेदनों के निस्तारण की जानकारी दे रहे थे। उनकी बात सुनने के बाद मंत्री संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने मंच से ही अधिकारियों को खरी-खरी सुना दी।
Bihar news: “कागजों में निस्तारण दिखाने का खेल नहीं चलेगा”
मंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सिर्फ कागजों में दिखाना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों के आवेदनों का वास्तविक निस्तारण होना चाहिए, केवल फाइलों में कार्रवाई दिखाकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “अगर काम नहीं कर सकते हैं तो इस्तीफा देकर चले जाइए। सरकार को ऐसे अधिकारियों की जरूरत नहीं है जो जनता की समस्याओं को गंभीरता से न लें।”
सख्त चेतावनी भी दी
Bihar news: मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को आगे भी लापरवाही न बरतने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश दे दें कि इस मामले में किसी तरह की पैरवी नहीं चलेगी और जनता के काम में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
ये भी पढ़े: इटावा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 3 महीने पहले हुई थी शादी; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप








