Bihar News: मुजफ्फरपुर जिले में एक स्कूल प्रिंसिपल और उनकी शिक्षक के बीच विवाह ने सोशल मीडिया और परिवार में हलचल मचा दी है। मामला कुछ ऐसा है कि 60 वर्षीय स्कूल प्रिंसिपल और 28 वर्षीय महिला टीचर ने नेपाल के जनकपुर में शादी कर ली, जिसके बाद युवती के परिवार ने अपहरण और जबरन विवाह का आरोप लगाया है। वहीं, शिक्षिका ने खुद एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि यह शादी उनकी मर्जी से हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी की पृष्ठभूमि
जानकारी के अनुसार, स्कूल संचालक और प्रिंसिपल राकेश साह चार बच्चों के पिता हैं। उन्होंने अपने ही स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका शाइस्ता परवीन के साथ 18 फरवरी को नेपाल के जनकपुर में विवाह किया। राकेश साह मुजफ्फरपुर में एक स्कूल के संचालक होने के साथ-साथ शिक्षक भी हैं। शाइस्ता परवीन उसी स्कूल में टीचर हैं। दोनों की स्कूल में लगातार मुलाकातें होती रही और धीरे-धीरे उनकी बातचीत और नजदीकियां बढ़ गईं। समय के साथ रिश्ता गहरा हुआ और दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।
Bihar News: युवती के भाई ने की शिकायत
18 फरवरी को दोनों मुजफ्फरपुर से नेपाल के जनकपुर पहुंचे। वहां उन्होंने शादी संपन्न कराई। शादी के बाद उन्होंने अपनी शादी की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की, जिससे यह खबर तेजी से वायरल हो गई। वहीं युवती के भाई ने पुलिस में शिकायत दी है और शादी को जबरन कराए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, शिक्षिका शाइस्ता परवीन ने अपने वीडियो में साफ कहा कि शादी उनकी मर्जी से हुई और उन्होंने किसी भी प्रकार का दबाव महसूस नहीं किया। फिलहाल, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शादी कानूनन वैध है या किसी दबाव में हुई है।

सोशल मीडिया पर इस विवाह की खबर तेजी से वायरल हो रही है। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत पसंद और अधिकार का मामला बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे नैतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से विवादास्पद मान रहे हैं। इस विवाद ने न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।
Report BY: विक्रम कुमार
ये भी पढ़े… होली से पहले सहरसा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, स्मैक और नशीली दवाओं के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार






