Home » Breaking News » ‘गांव-गांव में कैंसर फैल रहा’, नकली खाद्य पदार्थों पर बृजभूषण का तंज, बाबा रामदेव पर भी साधा निशाना

‘गांव-गांव में कैंसर फैल रहा’, नकली खाद्य पदार्थों पर बृजभूषण का तंज, बाबा रामदेव पर भी साधा निशाना

https://khabarindiatv.in/wp-content/uploads/2026/08/brij-bhushan-singh.avif

Brijbhushan Sharan Singh: उत्तर प्रदेश में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों पर सरकार की कार्रवाई के बीच कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सरकार पर तंज कसा है। गोंडा में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में सरकार ने देर कर दी। उन्होंने दावा किया कि गांव-गांव और घर-घर में कैंसर फैल रहा है।

बृजभूषण शरण सिंह गोंडा के रघुकुल विद्यापीठ में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पांच ब्लॉकों से आए एक हजार से अधिक मेधावी छात्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

‘इतना देर क्यों कर दी?’

अपने संबोधन में बृजभूषण ने कहा कि नकली तेल, नकली घी और दूसरे मिलावटी खाद्य पदार्थों की समस्या लंबे समय से है। उन्होंने यूपी सरकार की ओर से कुछ खाद्य पदार्थों पर प्रतिबंध लगाए जाने पर कहा, “सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद, लेकिन अरे प्रभु, इतना देर क्यों कर दी?” उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई के दौरान सावधानी बरतने की नसीहत भी दी। बृजभूषण ने कहा कि नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन असली कारोबारियों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “ऐसा न करें कि नकली वाले के यहां जाएं ना और असली वाले को रगड़ दें।”

Brijbhushan Sharan Singh: बाबा रामदेव पर भी निशाना

बृजभूषण शरण सिंह ने योग गुरु बाबा रामदेव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नकली घी के चलन को बढ़ावा देने में रामदेव की भूमिका रही है।उन्होंने कहा कि रामदेव स्वदेशी का अभियान लेकर चले थे, लेकिन बाद में विदेशी उत्पादों को लेकर भी कारोबार करने लगे। उन्होंने रामदेव के संभावित आंदोलन पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वे आंदोलन करने आएं तो इस बार उन्हें अलग तरीके से आना चाहिए।

’20 साल से कह रहा हूं, कोई नहीं मानता था’

बृजभूषण ने अपने पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि वह लंबे समय से खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने दूध की खपत और उत्पादन को लेकर भी एक रिपोर्ट का हवाला दिया और दावा किया कि देश में मिलावटी खाद्य पदार्थों की समस्या गंभीर है।

सरकार की कार्रवाई बनी राजनीतिक मुद्दा

उत्तर प्रदेश में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई अब राजनीतिक बहस का मुद्दा भी बनती दिख रही है। बृजभूषण ने जहां सरकार की कार्रवाई का स्वागत किया, वहीं कार्रवाई में देरी और अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए।

अब सवाल यह है कि सरकार की कार्रवाई सिर्फ प्रतिबंध तक सीमित रहेगी या नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार पर जमीनी स्तर पर भी सख्त कार्रवाई होगी? साथ ही, बृजभूषण के बाबा रामदेव पर दिए गए बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिल सकती है।

ये भी पढे़… जयंत चौधरी पर ‘चवन्‍नी’ वाली अखिलेश की टिप्पणी पर भड़कीं मायावती बोली- ‘सपा गिरगिट की तरह रंग बदल लेती…’