Brishti Mukherjee death: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रिश्तेदार बृष्टि मुखर्जी मंगलवार को बीरभूम जिले में अपने घर पर मृत पाई गईं। उनका शव रामपुरहाट इलाके के कुसुम्बा गांव स्थित पारिवारिक घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने दोपहर में शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Brishti Mukherjee death: पुलिस को खुदकुशी का शकील
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध खुदकुशी का लग रहा है। हालांकि, मौत की सही वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद जांच में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। बृष्टि मुखर्जी, ममता बनर्जी के ममेरे भाई निहार मुखर्जी की बेटी थीं। उनके ममता बनर्जी से रिश्ते को देखते हुए यह मामला चर्चा में है।
Brishti Mukherjee death: परिवार ने डिप्रेशन का किया जिक्र-
परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि बृष्टि मुखर्जी कई वर्षों से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। परिवार के मुताबिक, उनके तलाक का मामला भी चल रहा था। परिजनों ने यह भी बताया कि सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कर्मचारियों की भर्ती को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उनकी नौकरी चली गई थी। भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के चलते बड़ी संख्या में नियुक्तियां रद्द की गई थीं।
खुदकुशी का ख्याल आए तो क्या करें-
जिंदगी में नौकरी जाने, परीक्षा में असफलता, रिश्तों में परेशानी या किसी दूसरी बड़ी समस्या के बाद व्यक्ति मानसिक रूप से काफी परेशान हो सकता है। ऐसे समय में खुद को अकेला रखने के बजाय किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करना जरूरी है। अगर आपके मन में खुद को नुकसान पहुंचाने या खुदकुशी का विचार आ रहा है, तो तुरंत किसी परिवार के सदस्य, दोस्त या करीबी व्यक्ति को अपनी स्थिति बताएं। अकेले न रहें और ऐसी चीजों से दूर रहें जिनसे खुद को चोट पहुंच सकती है।
जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद लें-
मानसिक परेशानी ज्यादा बढ़ने पर किसी डॉक्टर या मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट से संपर्क करें। अगर आपको लगता है कि आप खुद को नुकसान पहुंचा सकते हैं, तो तुरंत अपने आसपास मौजूद किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मदद लें या नजदीकी अस्पताल की इमरजेंसी सेवा से संपर्क करें।
यह भी पढ़े- सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बाद CJP ने 5 सितंबर का मार्च लिया वापस








