
बिहार के मंत्री नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, समर्थकों में जश्न
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी ने अपना नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और इसकी सूचना संगठन की सभी इकाइयों को भेज दी गई है। इस फैसले को भाजपा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री हैं। नियुक्ति की खबर के बाद समर्थकों में उत्साह और जश्न का माहौल है। बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार जीत दर्ज करने वाले नितिन नबीन को एक युवा और प्रभावी संगठनकर्ता के तौर पर देखा जाता है।












