Home » राष्ट्रीय » चमोली की निर्माणाधीन टनल में घुसा पानी, मलबा, 22 मजदूर फंसे; 16 का रेस्क्यू, 6 की तलाश जारी

चमोली की निर्माणाधीन टनल में घुसा पानी, मलबा, 22 मजदूर फंसे; 16 का रेस्क्यू, 6 की तलाश जारी

Chamoli: चमोली टनल में हादसा, 16 मजदूर रेस्क्यू, ऑपरेशन जारी

Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मायापुर-पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक तेज पानी का बहाव आने के साथ मलबा भर गया। उस समय टनल के भीतर मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद शुरुआती जानकारी में करीब 18-19 मजदूरों के फंसे होने की बात सामने आई, लेकिन बाद में प्रशासन ने बताया कि कुल 22 मजदूर अंदर फंसे थे। राहत की बात है कि रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, बाकी 6 मजदूरों को निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।

अचानक पानी और मलबा भरने से मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7:05 बजे निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी का तेज बहाव आने लगा। देखते ही देखते टनल के एक हिस्से में पानी और मलबा भर गया। इससे अंदर काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू के दौरान मजदूरों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आती रही। अभियान आगे बढ़ने के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

Chamoli: सेना, NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा

हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव अभियान में कई एजेंसियों को लगाया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। सीआईएसएफ समेत अन्य संबंधित टीमें भी बचाव कार्य में सहयोग कर रही हैं। पानी और मलबे के कारण टनल के भीतर पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमें सावधानी के साथ लगातार आगे बढ़ रही हैं।

कुछ मजदूर अस्पताल भेजे गए, डीएम मौके पर

रेस्क्यू किए गए मजदूरों में से कुछ को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। कम से कम दो मजदूरों को जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाने की जानकारी सामने आई है। अन्य मजदूरों के लिए भी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। उन्होंने बचाव टीमों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं।

Chamoli: सीएम धामी ने बुलाई आपात बैठक

टनल हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपात परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की जानकारी ली और फंसे तथा घायल मजदूरों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रदेशभर के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे बाकी 6 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

ये भी पढ़ें…बिहार में शराब के तस्कर के साथ ब्रांड और कंपनी भी आएंगे जांच के घेरे में