Chattishgharh news: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग दंपति और उनके दो पोते-पोतियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआत में मामला रहस्यमयी हत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो सच सामने आया उसने सभी को हैरान कर दिया। हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक दंपति का अपना बेटा निकला।
निर्माणाधीन मकान में मिले 4 शव
घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव की है। गुरुवार सुबह मजदूर निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचे तो वहां चारपाई पर चार शव पड़े देख उनके होश उड़ गए। मजदूरों ने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70), उनकी पत्नी कांति बाई (65), पोता पीतांबर कश्यप (17) और पोती मोगरा (25) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला पारिवारिक रंजिश और संपत्ति विवाद से जुड़ा निकला।
Chattishgharh news: बेटे और पोते को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक दंपति के बेटे सोनसाय ने अपने बेटे डाकेश्वर उर्फ गोलू के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि दोनों ने रात में सो रहे परिवार के चार लोगों पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद हत्या की बड़ी वजह माना जा रहा है।
Chattishgharh news: पहले भी भाई की हत्या कर चुका है आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी सोनसाय का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसने पहले अपने ही भाई की हत्या की थी और उस मामले में करीब 15 साल जेल में सजा काट चुका था। वहीं परिवार के दूसरे बेटे ने आत्महत्या कर ली थी। अब इस घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि संपत्ति के लालच में बेटा अपने ही माता-पिता और भतीजे-भतीजी की जान ले लेगा।
परिवार के इकलौते बच्चों की भी गई जान
Chattishgharh news: जानकारी के मुताबिक पीतांबर अपने दिवंगत पिता का इकलौता बेटा था, जबकि मोगरा अपने पिता की इकलौती बेटी थी। इस वारदात ने एक ही परिवार की पूरी पीढ़ी को खत्म कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 790 अंक उछला, निवेशकों की हुई चांदी







