Breaking News
Home » राष्ट्रीय » अभिजीत दीपके ने आधी रात बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले- गिरफ्तारी कर सकती है दिल्ली पुलिस, घर के बाहर निगरानी का दावा

अभिजीत दीपके ने आधी रात बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले- गिरफ्तारी कर सकती है दिल्ली पुलिस, घर के बाहर निगरानी का दावा

अभिजीत दीपके का दावा, पुलिस कर रही निगरानी
अभिजीत दीपके का दावा, पुलिस कर रही निगरानी

CJP Protest: राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस उन्हें कभी भी गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने देर रात आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और दिल्ली पुलिस के अधिकारी उन पर नजर रख रहे हैं। सीजेपी ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने की घोषणा की है।

CJP Protest: घर के आसपास पुलिस की मौजूदगी का दावा

अभिजीत दीपके ने दावा किया कि जिस घर में वह फिलहाल रह रहे हैं, उसके आसपास दिल्ली पुलिस और आईबी के अधिकारी मौजूद हैं। उनके मुताबिक, घर की ओर आने वाली गलियों में पुलिस और आईबी के लोग घूम रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वह बाहर निकलते हैं, तो बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनका पीछा करती हैं। दीपके ने कहा कि घर पहुंचने के बाद भी पुलिस और आईबी के अधिकारी आसपास चक्कर लगा रहे हैं और वहां तैनात चौकीदार से बातचीत कर जानकारी जुटा रहे हैं।

बोले- तिरंगा फहराने के लिए जेल जाने को तैयार

अभिजीत दीपके ने आशंका जताई कि पुलिस उन्हें शुक्रवार की सुबह या उससे पहले रात में गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि वह ऐसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश में तिरंगा फहराने के लिए जेल जाना पड़े, तो वह इसके लिए भी तैयार हैं।दीपके ने आरोप लगाया कि जब उनकी पार्टी ने 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था, तब दिल्ली में कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं। उनके अनुसार, बस, मेट्रो, रेलवे और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं, बैरिकेडिंग की गई थी और जम्मू-कश्मीर से सुरक्षा बलों को बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि अब जब पार्टी ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने की बात कही, तो पार्क को बंद कर दिया गया।

CJP Protest: तिरंगा फहराने पर विवाद, गिरफ्तारी की आशंका
तिरंगा फहराने पर विवाद, गिरफ्तारी की आशंका
CJP Protest: सरकार पर तिरंगा फहराने से रोकने का आरोप

सीजेपी प्रमुख ने सरकार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को अलग-अलग जगहों पर तिरंगा फहराने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी भविष्य में 100 जगहों पर तिरंगा फहराने की घोषणा करती है, तो क्या सभी जगहों को बंद कर दिया जाएगा?दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी रैली में जाकर तिरंगा फहराने की बात कहे, तो क्या प्रधानमंत्री अपनी रैली रद्द कर देंगे? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर उनकी पार्टी से सरकार को इतना डर क्यों लग रहा है कि उसके पीछे इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को लगा दिया गया है।

सीजेपी नेताओं को हिरासत में लेने पर जताई नाराजगी

अभिजीत दीपके ने कहा कि जब भी उनकी पार्टी किसी जगह पर आंदोलन करने की योजना बनाती है, तो वहां पाबंदियां लगा दी जाती हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत में तिरंगा फहराना अपराध बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट कर देना चाहिए कि वह तिरंगा फहराने की अनुमति नहीं देगी। दीपके ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई पहले किसी प्रधानमंत्री या सरकार ने नहीं की है।उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं आशुतोष रांका और सौरभ दास को हिरासत में लिए जाने का भी विरोध किया। दीपके के मुताबिक, दोनों नेताओं को तिरंगा फहराने की कोशिश करने के कारण हिरासत में लिया गया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

CJP Protest: जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने के मामले में दो नेता हिरासत में

बुधवार को दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के दो नेताओं आशुतोष रांका और सौरभ दास को जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने और नारेबाजी करने के मामले में हिरासत में लिया था। इसके बाद दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।इस मामले में एक और अहम बात यह है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया गया है। इस कार्रवाई को लेकर सीजेपी लगातार नाराजगी जता रही है।

छोटे समूह को तिरंगा फहराने की अनुमति देने पर विचार

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा था कि एक छोटे समूह को तिरंगा फहराने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस और उसके आसपास के इलाकों में पहले से ही निषेधाज्ञा लागू है। पुलिस ने लोगों से इन इलाकों में इकट्ठा नहीं होने की अपील भी की है।दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी और डीसीपी नेहा यादव ने गुरुवार शाम पत्रकारों को बताया कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने दिल्ली पुलिस को पत्र भेजकर सेंट्रल पार्क के बंद रहने की जानकारी दी है। पत्र के मुताबिक, कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।